बीकानेर

Power cut: ग्रामीण इलाकों में गुस्से का करंट, सड़कें खोदी, रास्ते रोके

Power cut: कोलायत तहसील के गडि़याला गांव में ग्रामीणों ने गांव के चारों तरफ सड़क को दो फीट चौड़ा खोद कर आवागमन को पूरी तरह से बंद कर दिया। हालात यह रहे कि गांव से न तो कोई वाहन आ सकता था और ना ही कोई वाहन जा सकता था।

2 min read
Aug 26, 2023
Power cut: ग्रामीण इलाकों में गुस्से का करंट, सड़कें खोदी, रास्ते रोके

बीकानेर.श्रीकोलायत. Power cut: बिजली कटौती के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूटा। कोलायत, बज्जू, खाजूवाला, लूणकरनसर, नोखा क्षेत्र में ग्रामीणों ने पुरजोर विरोध किया। पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी के आह्वान पर जिलेभर में उनके समर्थकों और ग्रामीणों ने रेल व बसों का चक्का जाम कर दिया। कोलायत तहसील के गडि़याला गांव में ग्रामीणों ने गांव के चारों तरफ सड़क को दो फीट चौड़ा खोद कर आवागमन को पूरी तरह से बंद कर दिया। हालात यह रहे कि गांव से न तो कोई वाहन आ सकता था और ना ही कोई वाहन जा सकता था। गांवों से आने वाली बसें व अन्य वाहन घंटों कतार में खड़े रहे। बाद में वाहनों को दूसरे मार्गों से होकर गुजरना पड़ा। करीब एक-डेढ़ घंटे बाद पुलिस व प्रशासन ने पहुंच कर गड्ढों को मिट्टी से भरवाकर रास्ता सुचारु करवाया।

यहां-यहां हुए प्रदर्शन

श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र के कोलायत, बज्जू, खाजूवाला, लूणकरणसर, नोखा, देशनोक, दियातरा, मण्डाल, बदरासर, गड़ियाला, गिराजसर, किलचु, गाढ़वाला, केसरदेसर, गोलरी, गजनेर, नाल, टेचरी फांटा, सांखला फांटा, हाड़ला झझु रोड़, भोलासर, बीकानेर से लूणकरणसर हाईवे, जैसलमेर हाईवे, अनूपगढ़ खाजूवाला हाईवे, नोखा जोधपुर हाईवे सहित भारतमाता एवं ग्रीन एक्सप्रेस हाईवे आदि जगहों पर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। कालू, जयसिंहदेसर मगरा के मोखा जीएसएस का लोगों ने घेराव किया। देशनोक में देवी सिंह भाटी के समर्थकों ने आंशिक चक्का जाम किया।

पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच चला लुका-छिपी का खेल

बिजली कटौती के विरोध में जिले में प्रदर्शन व जाम के चलते कहीं टायर जलाकर, तो कहीं रास्ते पर अवरोधक लगाकर ग्रामीण प्रदर्शन करते नजर आए। पुलिस एक जगह जाकर जाम खुलवाती, तब तक ग्रामीण दूसरी जगह पर जाम लगा देते। सुबह से दोपहर तक प्रदर्शन व जाम का क्रम जारी रहा।

दिन भर दौड़ती रही पुलिस, छापामार शैली में चला विरोध-प्रदर्शन

शुक्रवार को बिजली कटौती के विरोध में कई जगह प्रदर्शन व जाम की सूचना पर पुलिस दौड़ी, लेकिन कई जगहों पर उन्हें कोई नहीं मिला। नाल पुलिस को कावनी चौराहे पर सड़क पर जाम लगने की सूचना मिली। नाल थाने से जाब्ता वहां पहुंचा, तो कोई प्रदर्शनकारी मौके पर नहीं था। आवागमन सुचारु था। सूत्रों की मानें तो कई जगह पर ग्रामीणों ने महज 15 से 20 मिनट का प्रदर्शन किया। सड़क पर इकट्ठा होकर नारेबाजी करते, लकडि़यां व टायर रखकर रास्ता रोकते व ग्रामीणों की भीड़ के फोटो वीडियो बना कर रवाना हो जाते। इसके बाद प्रदर्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर माहौल बनाया गया।

Published on:
26 Aug 2023 02:46 am
Also Read
View All

अगली खबर