
बार्डर पर हेरोइन की डिलीवरी लेने पहुंचे थे दो तस्कर, ऐसे दबोचे गए...
बीकानेर. भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक से पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने दो मादक पदार्थ तस्करों को दबोचा है। दोनों बुधवार देर रात खराब मौसम का फायदा उठाकर बॉर्डर के नजदीक पहुंच गए। वे इंटरनेट कॉल कर पाकिस्तान में बैठे तस्करों को उस जगह की लोकेशन भेज रहे थे, जहां ड्रोन के जरिए हेरोइन के पैकेट गिराए जाने थे। दोनों तस्कर पंजाब के रहने वाले हैं।
ऐसे पकड़े गए
बीएसएफ की जी ब्रांच व पुलिस को सूचना मिली थी कि रावला थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांव 23 केडी की रोही में पंजाब के तस्कर रात को पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मादक पदार्थ की डिलीवरी लेने पहुंचेंगे। इसके बाद बॉर्डर की तरफ जाने वाले रास्तों पर नाकाबंदी की गई। साथ ही सीमावर्ती गांवों में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसमें सफलता मिली और पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव डोना मताड निवासी राजपाल सिंह पुत्र हरमेश सिंह व राजाराय निवासी अमरजीत पुत्र गुरदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एक देशी कट्टा, कारतूस, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं चार तस्कर
बीकानेर सेक्टर बीएसएफ डीआईजी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि पुलिस के साथ खुफिया शाखा ने समन्वय कर यह सफल कार्रवाई की है। इससे पहले जी ब्रांच के उप कमांडेंट दीपेन्द्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में सीमा चौकी टीबा के पास से 2 किलो 500 ग्राम हेरोइन के साथ पंजाब के चार तस्करों को भी पकड़ा गया था। फिलहाल पकड़े गए तस्करों से पूछताछ की जा रही है, ताकि उनके स्थानीय संपर्कों आदि के बारे में जानकारी हासिल की जा सके।
Published on:
04 May 2023 02:53 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
