शहर से लगे घुरू वार्ड नंबर 4 में रहने वाले लोग बुनियादी समस्या से जूझ रहे हैं। ग्राम पंचायत के दौरान यहां की सड़कों का निर्माण और मरम्मत का काम हो जाता था, लेकिन नगर निगम में पिछले 5 वर्षों में शामिल होने के बाद एक बार भी सड़कों का निर्माण नहीं हुआ है।
घुरू से अमेरी तक सीसी रोड का निर्माण का दिया, लेकिन बस्तियों में सड़क का अता पता नहीं है। क्षेत्र में ग्राम पंचायत के समय की नालियां बनी है, लेकिन वह भी रखरखाव के अभाव टूट फूट गई हैं।
निकासी समस्या होने के कारण सड़क में नालियों का पानी भर रहा है और लोगों को मजबूरी में गंदे पानी और मलबे से भरी सड़क से गुजरना पड़ रहा है। बारिश होने पर सड़कों पर पानी और कीचड़ होने के कारण वाहन चालक और पैदल चलने वाले फिसलकर गिर रहे हैं।
लाेगो ने लगातार इसकी शिकायत जिला प्रशासन और नगर निगम समेत जोन कमिश्नर कार्यालय के अधिकारियों से की है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
कचरा लेने तक नहीं आता कोई
घुरू निवासी प्रेमलता ने बताया कि निगम में शामिल होने के बाद बीते 4 वर्षों में एक बार भी कचरा लेने वाला नहीं आया है। मजबूरी में क्षेत्र के लोगों को कचरा नुक्कड़ पर फेंकना पड़ रहाहै।
सड़क और नाली की समस्या
घुरू निवासी विकास कुमार ने बताया कि नगर निगम में क्षेत्र के शामिल किए जाने के बाद से अब तक सड़कों का निर्माण नहीं हुआ है। इससे लगातार परेशानी बढ़ रही है और शिकायत करने पर समाधान भी नहीं हो रहा है।
मवेशियों से बढ़ा खतरा
घुरू निवासी प्रीतम सिंह सलूजा ने बताया कि नगर निगम के अधिकारी शहर में लगातार मवेशी पकड़कर कांजी हाउस भेज रहे हैं, लेकिन यहां मवेशियों को नहीं पकड़ा जा रहा है। इनसे क्षेत्र में लगातार खतरा बना हुआ है।
स्ट्रीट लाइट नहीं
घुरू निवासी रामश्री कश्यप ने बताया कि क्षेत्र में रहते 15 वर्ष हो चुके हैं और इन 15 वर्षों में कभी स्ट्रीट लाइट नहीं लगी। नगर निगम में शामिल होने के बाद अधिकारियों को ज्ञापन देते थक गए हैं, लेकिन स्ट्रीट लाइट की सुविधा नहीं मिली है।
15 वर्षों में नहीं बनी सड़क
घुरू निवासी पंकज यादव ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से घुरू में रह रहे हैं, लेकिन सड़क नहीं बनी। नगर निगम में शामिल होने के बाद लगा कि सड़क बनेगी, लेकिन बीते 4 वर्षों में एक बार भी अधिकारी यहां झांकने नहीं आए।