
कापरेन. शक्ति चौराहा पर जेसीबी मशीन अतिक्रमण ध्वस्त करते हुए एवं जमा भीड़ व जाप्ता। (पत्रिका फोटो)
कापरेन. नगरपालिका प्रशासन द्वारा शुक्रवार को शहर की मुख्य सड़क पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए कार्रवाई की। शहर के शक्ति चौराहा पर कार्रवाई शुरू होने के दौरान जेसीबी, पुलिस जाप्ता, ट्रैक्टर ट्रॉलियां, कचरा गाड़ी एवं नगरपालिका कर्मचारियों की मौजूदगी रही। जैसे ही जेसीबी से दुकानों के सामने लगे टीनशेड हटाए गए और सड़क के दोनों ओर नाली के बाद हो रहे निर्माण को ध्वस्त किया तो चौराहे पर लोगों की भीड़ लग गई।
दुकानों के सामने नालियों के बाहर निकल रहे टीनशेड तोड़े गए तो स्थानीय दुकानदारों ने विरोध जताया और पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर तैनात पुलिस जाप्ते ने भीड़ को दूर हटाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस को कई बार भीड़ नियंत्रण करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। दुकानो के सामने नालियों के बाहर निकल रही थडिय़ा, सीढिय़ा आदि तोड़ दिए गए, वहीं दुकानों के सामने हो रहे टीनशेड भी तोड़े गए। सडक़ सीमा में रखी हुई अस्थाई, स्थाई थडिय़ा हटाई गई। सख्त कार्यवाही को देखकर दुकानदार भी सक्रिय हो गए और अपनी दुकानों के सामने सडक़ो पर रखे सामान हटाने लगे। कई दुकानदार दुकानो के सामने हो रहे टिनशेड को खोलने में जुट गए तो कुछ ने समय कम होने के चलते कटर मशीन से काटने में जुट गए। कार्रवाई के दौरान शक्ति चौराहा से अस्पताल चौराहे तक दुकानों के सामने लगे टिनशेड, थडिय़ा जेसीबी से हटाए गए जिससे सडक़ मार्ग खुला नजर आया, लेकिन इसके बाद कार्रवाई कमजोर पड़ गई। दुकानों के सामने के टीनशेड तोडऩा बन्द हो गया। अतिक्रमण की कार्रवाई दोपहर तक बोरदा रोड चौराहा तक चली।
अतिक्रमण की कार्रवाई के दौरान जब बालिका विद्यालय के समीप बने सार्वजनिक सुविधा घर के पास का अतिक्रमण हटाया को शौचालय के अंदर मनिहारी की दुकान निकली। शहरवासियों ने बताया कि यहां अतिक्रमण कर मनिहारी की दुकान संचालित की जा रही थी। लोग सुविधा घर का उपयोग नहीं कर पाते थे। अब ध्वस्त होने से लोगो को सुविधा मिलेगी।
अतिक्रमण की कार्रवाई थमने के बाद व्यापारियों का आक्रोश फुट पड़ा। कुछ दुकानो पर लगे सीसीटीवी कैमरे व शटर भी टूट गए। जिसको लेकर व्यापारी एकत्रित हो गए और सार्वजनिक रूप से बाजार बंद करने की मुनादी करवाते हुए सडक़ पर पहुंच गए। व्यापारी नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए, दुकानें बन्द करवाते हुए नगरपालिका कार्यालय पहुंचे। जहां पालिका प्रशासन, पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
नारेबाजी करते हुए व्यापारी पालिका कार्यालय पहुंचे और विरोध करने लगे। इस दौरान अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुमार शर्मा बाहर आए तो कुछ लोग धक्का मुक्की करने लगे। धक्का मुक्की में अधिशासी अधिकारी के पैर में चोट लग गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों एवं कुछ व्यापारियों ने अधिशासी अधिकारी का बचाव कर कार्यालय के अंदर पहुचाया और कार्यालय के अंदर से ताला लगा दिया। माहौल देखकर पालिका के कई कर्मचारी मौके से नदारद हो गए। कार्यालय पहुचे व्यापारियों ने भी पालिका के मुख्य दरवाजे के सामने करीब दो घंटे तक जमकर नारेबाजी की और विरोध जताया।
व्यापारियों की मांग को लेकर पुलिस भी समझाइश करती रही, जिसके बाद अधिशासी अधिकारी ने पालिका के मुख्य चेनल गेट पर अंदर से ही समझाइश का प्रयास किया। इस दौरान नायब तहसीलदार राजेश जैन भी मौके पर पहुंच गए। बाद में व्यापारियों के पांच प्रतिनिधि सर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक बाकलीवाल, किराना व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश सौगानी सहित नरोत्तम शर्मा, धनराज राठौर, लक्ष्य जैन वार्ता के लिए अंदर पहुंचे। जहां नायब तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी और थाना प्रभारी के साथ करीब एक घंटे तक चली बैठक में कोई निर्णय नहीं होने से प्रतिनिधि मंडल बाहर निकल गया। व्यापारियों ने बताया कि पालिका का विरोध जारी रहेगा और आगे की रणनीति बैठक कर तय की जाएगी।
Published on:
23 May 2026 11:55 am
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
