
Gold Price: सोने के दामों में आने वाले समय में जबरदस्त तेजी देखने को मिल सकती है। हाल ही में Goldman Sachs की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सोने की कीमतें 2025 के अंत तक 4,500 डॉलर प्रति आउंस तक पहुंच सकती हैं। जो भारतीय बाजार में लगभग 1,36,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के बराबर होगी। इसके पीछे मुख्य वजह अमेरिका और चीन के बीच बढ़ता ट्रेड वार और वैश्विक मंदी की आशंका बताई जा रही है।
पिछले हफ्ते ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड ईटीएफ (Gold ETF) पहली बार 3,200 डॉलर प्रति आउंस के स्तर को पार कर गया। रिपोर्ट के मुताबिक यह दर और बढ़कर 3,245.69 डॉलर प्रति आउंस तक पहुंच गई है। फिजिकल गोल्ड और एक्सचेंज ट्रेड में बढ़ती मांग के कारण निवेशकों का रुझान एक बार फिर से सोने की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।
भारत में अक्षय तृतीया (जो इस वर्ष 30 अप्रैल को है) के अवसर पर सोने की कीमतें 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर सकती हैं। एलकेपी सिक्योरिटीज के वीपी (कमोडिटी एंड करेंसी) रिसर्च एनालिस्ट जतीन त्रिवेदी के अनुसार, फिलहाल सोना 94,500 से 95,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है और इसका सपोर्ट लेवल 92,000 रुपये है। हालाँकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि अक्षय तृतीया तक सोना निश्चित तौर पर 1 लाख के पार जाएगा।
Goldman Sachs ने इस साल तीसरी बार गोल्ड का टारगेट प्राइस बढ़ाया है। मार्च की शुरुआत में जहां यह 3,300 डॉलर प्रति आउंस था, वहीं अब यह 3,700 डॉलर कर दिया गया है। इससे स्पष्ट है कि वैश्विक अस्थिरता और भू-राजनीतिक तनावों के चलते सोने को 'सेफ हैवन' निवेश के रूप में प्राथमिकता मिल रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मौजूदा वैश्विक हालात ऐसे ही बने रहे, तो भारत में सोने की कीमतें ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच सकती हैं और निवेशकों को इससे बड़ा लाभ मिल सकता है।
Updated on:
14 Apr 2025, 11:16 AM IST
Published on:
14 Apr 2025, 11:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.