
चांदी की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी (Photo-Patrika)
Silver Price: सोने की कीमतों में जोरदार तेजी के बीच गुरुवार को वायदा बाजार यानी एमसीएक्स पर चांदी की कीमतों बढक़र 1,05,230 रुपए प्रति किलोग्राम के नए शिखर पर पहुंच गई। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमत 12 साल के हाई 36 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही है, जो अगस्त 2012 के बाद सबसे ऊंचा स्तर है। विशेषज्ञों के मुताबिक, रूस-यूक्रेन संघर्ष बढ़ने, ग्लोबल ट्रेड वॉर की चिंताओं और निकट भविष्य में भारत-अमरीका सहित केंद्रीय बैंकों की बैठक में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से सोने-चांदी के भाव पिछले 15-20 दिन से फिर से चढ़ने लगे है। पिछले 15 दिन में कॉमेक्स और एमसीएक्स पर सोने की कीमतों में 6.5 प्रतिशत, जबकि चांदी में 10 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखी गई है।
| तारीख | सोना | चांदी |
| 7 मई | 97,426 | 95,840 |
| 12 मई | 93,076 | 95,510 |
| 16 मई | 92,301 | 95,470 |
| 26 मई | 95,813 | 98,300 |
| 05 जून | 99,080 | 1,05,230 |
अबांस फाइनेंशियल के सीईओ चिंतन मेहता ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से स्टील और एल्युमीनियम के आयात पर टैरिफ को 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने के फैसले के बाद व्यापार अनिश्चितता फिर से उभरने के कारण सोने की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं।
इस कदम ने वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंकाओं को फिर से जगा दिया है और मुद्रास्फीति के बारे में नई चिंताएं पैदा कर दी हैं, जिससे फेडरल रिजर्व के दरों में संभावित कटौती में देरी हो सकती है। यदि दरों में कटौती होती है तो सोना और अधिक लाभ कमा सकता है। लेकिन यदि मुद्रास्फीति की चिंताओं के कारण फेड इसे रोक देता है, तो भी अनिश्चितता के कारण सोने की कीमतों को समर्थन मिलने की संभावना है।
केडिया कमोडिटीज के डायरेक्टर अजय केडिया ने बताया कि चांदी में जोरदार तेजी के पीछे कई वजहें हैं। अमेरिका के आर्थिक आंकड़े कमजोर हैं, जिससे दरों में कटौती की उम्मीद जगी है। साथ ही दुनिया में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ रहा है और डॉलर की वैल्यू में गिरावट आई है। इससे सेफ हैवन एसेट्स की मांग बढ़ी है। सिल्वर ईटीएफ में बढ़ रहे निवेश के साथ इलेक्ट्रिक वाहन और सोलर एनर्जी जैसे सेक्टर्स से चांदी की औद्योगिक मांग भी तेजी से बढ़ रही है।
Published on:
06 Jun 2025 08:02 am
बड़ी खबरें
View Allकारोबार
ट्रेंडिंग
