
ऐसे बनेंगे नए उप स्वास्थ्य केंद्र
छतरपुर. कोरोना काल के बाद से जिले में स्वास्थ सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अब जिले कीदूरस्थ पंचायतों में नए उप स्वास्थ्य केन्द्र खोले जा रहे हैं। इन भवनों के निर्माण के टेंडर की प्रक्रिया पूरा कर ली गई है। संबंधित ठेका कंपनी को वर्क ऑर्डर भी जारी हो गए हैं। जल्द ही भवनों का निर्माण शुरु होगा। उप स्वास्थ्य केंद्र भवन बनने से आसपास के गांव के करीब 3 लाख लोगों को छोटी-छोटी बीमारी का इलाज कराने ब्लॉक और जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। जिला अस्पताल का भार भी कम हो जाएगा।
जिले की 48 ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य विभाग दो मंजिला नए उप स्वास्थ्य केंद्र भवन बनने जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के उपयंत्री अंशुल खरे ने बताया कि प्रत्येक उप स्वास्थ्य केंद्र की लागत 60 लाख होगी। ग्राउंड फ्लोर पर डॉक्टर क्लीनिक, लेबर रूम, दो बेड का वार्ड, एक वेटिंग रूम सहित एएनएम का निवास होगा। वहीं ग्राउंड फ्लोर के ऊपर वाली मंजिल पर स्टाफ नर्स का निवास होगा। साथ ही इन भवन के चारों ओर बाउंड्री, पानी की व्यवस्था की जाएगी। नियुक्ति के बाद इन कर्मचारियों को आपने-अपने कार्य स्थल पर ही निवास करना होगा। उप स्वस्थ्य केंद्र निर्माण से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ेंगी।
बड़ामलहरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बमनीघट, भेलदा, बूदौर, देवपुर, देवरान, धरमपुरा, गोरखपुर, हनवानी, सरकना, सतपारा, सिंगरामपुर, सूरजपुरा और सूरजपुरा बकालन में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्मित किए जाएंगे। इसके साथ ही बरीगढ़ ब्लॉक की बदौराकला, बहादुरपुर, धवारी, घटरा, हनुखेड़ा, हटवा, कदैला, कुरमिनपुरवा, महाराजपुर, नांद, नेहरा, निधौली, रेवना, सीलप और सिंहपुर में नए भवन बनाएंगे। वहीं बिजावर ब्लॉक की बिहरवारा, धरमपुरा, महुआझाला, मामौन और नंदगांय में, छतरपुर ब्लॉक के छिरावल, बृजपुरा और थरा में, नौगांव ब्लॉक के बनछौरा, दौरिया, जोरन, मलका और सहानिया पंचायत में भवन निर्मित किए जाएंगे। इसी तरह बकस्वाहा की सौरल, लवकुशनगर के माधोपुर, पीरा, हरद्वारा और पटना खेड़ा में, राजनगर की तिलौहां और ऊदलपुरा पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने जा रहा है।
सीएमएचओ कार्यालय के स्थापना बाबू ज्ञान प्रकाश ताम्रकार ने बताया कि भवन निर्माण होने के बाद इन उप स्वास्थ्य केंद्रों पर एक-एक एएनएम की नियुक्ति मप्र शासन द्वारा की जाएगी। अभी तक इन केंद्रों पर एमपीडब्ल्यू की नियुक्ति की जाती थी। पिछले दिनों शासन ने इस नियम में बदलाव करते हुए एएनएम की नियुक्ति करना शुरू कर दिया है। इन स्वीकृत केंद्रों पर एएनएम की नियुक्तियां होने से जिले की 48 महिलाओं को नौकरी मिलेगी।
48 उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। वर्क ऑर्डर भी जारी किए जा चुके हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
अंशुल खरे, सब इंजीनियर, स्वास्थ्य विभाग
Published on:
08 Sept 2024 10:29 am
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
