
एक्सरे के लिए सुबह से उमड़े मरीज
जिला अस्पताल में एक्स-रे सुविधाओं के बढ़ते दबाव के बीच, जहां एक ओर डिजिटल एक्स-रे मशीन मरीजों के लिए वरदान साबित हो रही है, वहीं पुरानी मशीनों की क्षमता और खराब स्थिति ने अस्पताल प्रशासन के लिए नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। जिला अस्पताल में इस समय कुल पांच एक्स-रे मशीनें हैं, जिनमें से एक डिजिटल है और बाकी चार पुरानी हैं। इन पुरानी मशीनों में से दो पूरी तरह से कंडम हो चुकी हैं, जबकि बाकी मशीनों से रिपोर्ट तैयार होने में एक घंटा लग जाता है, जबकि डिजिटल एक्स-रे मशीन से रिपोर्ट महज पांच मिनट में तैयार हो जाती है।
डिजिटल एक्स-रे मशीन की सुविधा के चलते एक दिन में लगभग 200 मरीजों की जांच हो रही है। पहले मरीजों को डिजिटल एक्स-रे के लिए प्राइवेट क्लिनिक पर जाना पड़ता था, जो महंगा होता था। लेकिन अब जिला अस्पताल में यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय मरीजों को खासा लाभ हो रहा है। रेडियोग्राफर पुष्पेंद्र पटेल ने बताया, "डिजिटल एक्स-रे की सुविधा से अब मरीजों को ज्यादा परेशानी नहीं होती है, क्योंकि यहां यह सेवा निशुल्क है और इससे फिल्म की भी बचत हो रही है। साथ ही, मरीजों को एक ही बार में सही रिपोर्ट मिल जाती है।"
पहले अस्पताल में एक्स-रे सेवा केवल सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध थी, लेकिन अब रेडियोग्राफर की संख्या बढऩे के बाद यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध कराई जा रही है। रात 8 बजे के बाद इमरजेंसी कॉल पर रेडियोग्राफर मरीजों की जांच करने के लिए अस्पताल जाते हैं। यह सुनिश्चित किया गया है कि पुरानी एक्स-रे मशीनों को भी नियमित रूप से उपयोग में लाया जाए ताकि वे खराब न हों।
अस्पताल में मौजूदा चार पुरानी एक्स-रे मशीनों में से दो पूरी तरह से कंडम हो चुकी हैं, जबकि बाकी मशीनों का इस्तेमाल जारी है। सिविल सर्जन को इन पुरानी मशीनों को बदलने के लिए पत्र भेजा गया है, ताकि मरीजों को बेहतर सेवा मिल सके। पिछले महीने जब डिजिटल एक्स-रे मशीन खराब हो गई थी, तो अस्पताल प्रशासन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था, क्योंकि लगभग एक सप्ताह तक मशीन की मरम्मत नहीं हो पाई थी। इसके बाद भोपाल से इंजीनियर बुलाकर मशीन को ठीक किया गया था, जिससे मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
रेडियोग्राफरों का कहना है कि डिजिटल एक्स-रे मशीन पर लोड अधिक पड़ रहा है, जिसके कारण मरीजों की जांच में देरी हो रही है। इस वजह से अस्पताल में भीड़ बढऩे लगी है और मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। अस्पताल प्रशासन और रेडियोग्राफरों का यह मानना है कि एक और डिजिटल एक्स-रे मशीन स्थापित की जाए, ताकि मरीजों की जांच का समय कम किया जा सके और उनकी सुविधा में सुधार हो सके।
Published on:
21 Mar 2025 10:36 am

बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
