31 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चित्तौड़गढ़ किला: कब जाएं, कैसे जाएं और क्या-क्या है खास; जानिए सबकुछ

Chittorgarh Fort History: चित्तौड़गढ़ किला भारत के सबसे बड़े किलों में से एक है, जो वीरता, बलिदान और राजपूताना गौरव की अनोखी कहानी कहता है। इस रिपोर्ट में जानिए चित्तौड़गढ़ किले के बारें में सबकुछ।

3 min read
Google source verification

फोटो- चित्तौड़गढ़ किले की भव्यता, ऐतिहासिक स्तंभों और विशाल परिसर की झलक।

Chittorgarh Fort History: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ किले को साल 2013 में यूनेस्को (UNESCO) ने विश्व धरोहर स्थल में शामिल किया गया था। इसे कंबोडिया में आयोजित विश्व धरोहर समिति के 37वें सत्र के दौरान राजस्थान के अन्य पहाड़ी किलों के साथ सामूहिक रूप से यह दर्जा दिया गया था। इसका निर्माण 7वीं शताब्दी में मौर्य शासकों ने (विशेषकर चित्रांगद मौर्य) ने करवाया। यह किला 700 एकड़ के क्षेत्र में फैला है और 180 मीटर ऊंची पहाड़ी पर स्थित है। राजस्थान का चित्तौड़गढ़ किला केवल पत्थरों का विशाल ढांचा नहीं, बल्कि यह भारत के गौरवशाली इतिहास की एक जीती-जागती पहचान है। अरावली की पहाड़ियों पर स्थित यह दुर्ग दूर से ही अपनी भव्यता और ऐतिहासिक महत्व का एहसास कराता है।

यह किला कभी उस जमाने में मेवाड़ की राजधानी रहा और साथ ही राजपूत शासकों की शक्ति, संस्कृति और स्वाभिमान का केंद्र भी रहा। इस किले की हर दीवार, हर दरवाजा और हर महल किसी न किसी वीरता की कहानी से जुड़ा हुआ है। यही कारण है कि चित्तौड़गढ़ को केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि भावनाओं और इतिहास का पर्याय माना जाता है।

वीरता और बलिदान की गाथा से जुड़ा किला

चित्तौड़गढ़ किले का इतिहास कई युद्धों और बलिदानों से भरा हुआ है। इस किले पर तीन बड़े हमले हुए पहला अलाउद्दीन खिलजी का, दूसरा बहादुर शाह का और तीसरा मुगल बादशाह अकबर का। हर बार यहां के राजपूतों ने अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपनी जान पर खेलकर आखिरी तक इसे बचाने के लिए संघर्ष किया। वो तो जब हार निश्चित दिखी, तब महिलाओं ने जौहर कर अपने सम्मान की रक्षा की। यह घटनाएं आज भी साहस और त्याग की मिसाल मानी जाती हैं।

अद्भुत वास्तुकला और विशालता

चित्तौड़गढ़ किला लगभग 13 किलोमीटर के क्षेत्र में फैला हुआ है और इसमें सात प्रमुख द्वार हैं। किले के भीतर विजय स्तंभ, कीर्ति स्तंभ, राणा कुंभा महल और कई मंदिर इसकी भव्यता को और बढ़ाते हैं। यहां की स्थापत्य कला उस समय की तकनीक और कलात्मकता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करती है।

हर साल कितने पर्यटक आते हैं?

चित्तौड़गढ़ किला राजस्थान के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां हर साल लाखों पर्यटक देश-विदेश से घूमने आते हैं। खासकर सर्दियों और छुट्टियों के समय यहां भीड़ काफी बढ़ जाती है। यह किला यूनेस्को विश्व धरोहर में शामिल होने के कारण भी पर्यटकों को आकर्षित करता है।

इसके खुलने का समय सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक का है और घूमने में 2 से 4 घंटे लग सकते हैं। किले के भीतर घूमते हुए पर्यटक उस दौर को महसूस करते हैं, जब यहां राजपूत शौर्य अपने चरम पर था।

यहां क्या-क्या सुविधाएं मिलती हैं?

लाइट एंड साउंड शो– शाम को किले का इतिहास दिखाया जाता है।
गाइड सुविधा– इतिहास समझने के लिए गाइड मिलते हैं।
छोटे फूड स्टॉल – पानी, स्नैक्स आदि मिल जाते हैं।
पार्किंग और वाहन सुविधा– किले के अंदर वाहन से घूम सकते हैं।
म्यूजियम (फतेह प्रकाश महल)– ऐतिहासिक वस्तुएं देखने को मिलती हैं।
फोटोग्राफी– फोटो लेने की अनुमति है।
आपको बता दें, किले के अंदर सुविधाएं सीमित हैं, इसलिए पानी आदि साथ रखना बेहतर होता है।

यहां आने का सबसे अच्छा समय

अक्टूबर से फरवरी (Best Time)
मौसम ठंडा और सुहावना रहता है (10°C–27°C)
मार्च से जून (गर्मी)
बहुत गर्मी होती है, घूमना मुश्किल हो सकता है
जुलाई से सितंबर (मानसून)
हरियाली अच्छी होती है, लेकिन बारिश भी होती है

यहां कैसे पहुंचे?

हवाई मार्ग
सबसे नजदीकी एयरपोर्ट: महाराणा प्रताप एयरपोर्ट, उदयपुर (लगभग 90 किमी) है।
रेल मार्ग
चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन देश के बड़े शहरों (जयपुर, दिल्ली, उदयपुर, कोटा) से जुड़ा है।
सड़क मार्ग
राजस्थान के सभी बड़े शहरों से बस और टैक्सी आसानी से मिल जाती है। स्टेशन से किला लगभग 7 किमी दूर है, जहां ऑटो/टैक्सी मिल जाती है।

आज भी देता है प्रेरणा

चित्तौड़गढ़ किला आज भी लोगों को साहस, आत्मसम्मान और देशभक्ति का संदेश देता है। यह किला हमें सिखाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने मूल्यों और सम्मान के लिए खड़ा रहना चाहिए। चित्तौड़गढ़ किला केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि एक ऐसी विरासत है जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। यह भारत की संस्कृति, परंपरा और वीरता का ऐसा प्रतीक है, जो हमेशा अमर रहेगा।