कोयम्बत्तूर. लोकसभा में सोमवार को चिदम्बरम से सदस्य एम पी तिरुमावलवन ने मेट्टूपालयम ऑनर किलिंग का मामला उठाया और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सरकार से कठोर कदम उठाने की मांग की। लिबरेशन पैंथर्स पार्टी के नेता तिरुमावलवन ने लोकसभा में तमिलनाडु और पड़ोसी राज्यों में हो रही ऐसी घटनाओंं का मसला उठाया। उन्होंने कहा कि मेट्टूपालयम में अंतर जातीय प्रेम प्रसंग के कारण युवक की हत्या और लड़की पर हमला एक शर्मनाक व पीड़ादायक घटना है। मेट्टूपालयम से पहले आंध्र प्रदेश में भी अंतर जातीय विवाह करने वाली युवती की हत्या परिजनों ने कर दी थी। इससे पहले उन्होंने सोमवार को बयान जारी कर कहा था कि तमिलनाडु में पलनीस्वामी सरकार के सत्ता में आने के बाद से ऑनर किलिंग की घटनाएं बढ़ी हैं।