
नई दिल्ली। जल माफिया की पोल खोलने निकले एक रिपोर्टर को बंधक बनाकर बुरी तरह से परेशान करने का एक मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक रिपोर्टर सुशांत कुमार अपने सहयोगी कैमरापर्सन के साथ वाटर टैंकर माफिया का स्टिंग ऑपरेशन करने फतेहपुर बेरी गांव गए थे। इसी दौरान उन्हें कुछ गुंडों ने पकड़ लिया और एक कमरे में बंद कर दिया। सुशांत ने पुलिस को जो जानकारी दी उसके मुताबिक उन्हें करीब १२ घंटे तक कमरे में बंद रखा गया। फिर उनके साथ मारपीट की गई। इस संंबंध में चैनल ने एफआईआर दर्ज कराई है।
मारकर जलाने की दी धमकी
सुशांत के सहयोगी ने बताया कि वे शनिवार को उस इलाके में गए थे और कुछ वीडियो भी रिकॉर्ड किए थे। इसके बाद जब वो वापस लौटे तो उन दोनों को टैंकर माफिया के कुछ गुंडों ने घेर लिया। इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज की गई। कैमरापर्सन के जाने के बाद कुमार को एक घर में ले जाया गया और बंद कर दिया गया। इसके साथ ही उन्हें मारकर जलाने की धमकी भी दी गई। कुमार ने कहा कि माफिया के गुंडों ने उन पर वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि यदि वीडियो डिलीट नहीं किए गए तो उन्हें मार दिया जाएगा।
माफिया की सक्रियता की पुष्टि हुई
कुमार ने बताया कि उनके कैमरापर्सन मौका मिलते ही वहां से भाग गया और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने के थोड़ी देर बाद फतेहपुर बेरी पुलिस थाने ने लोकेशन की जानकारी निकाली और कुमार को छुड़ाया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही गुंडे फरार हो चुके थे। पुलिस ने इस मामले में अवैध काम करने और रिपोर्टर को परेशान करने का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। हालांकि पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि जिस टैंकर माफिया के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं वो इलाके में सक्रिय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टैंकर माफिया दिल्ली जल बोर्ड की यूनिट से भरे गए पानी के लिए भी अवैध वसूली करता है।
Published on:
14 May 2018, 12:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.