पुलिस के मुताबिक फरियादी पंकज दुबे पुत्र श्याम दुबे निवासी बरचौली ने बताया कि हम लोग अंकित पराशर, सुदीप शर्मा और संजय दुबे के साथ पाल ढाबा पर खाना खा रहे थे। तभी सोमवार की रात करीब साढ़े 10 बजे पंडोखर सरकार के बहनोई और भाई ने अपने साथियों के साथ गाली गलौज करने लगे। विरोध किया तो फायरिंग कर दी। हालांकि हम बाल-बाल बच गए। इस दौरान गोली चलने के बाद सुदीप और संजय दुबे वहां से भाग निकले, लेकिन हमें पकड़ लिया।
इसके बाद पंडोखर सरकार के बहनोई गाड़ी में जबरन डालकर आश्रम ले गए, जहां कुल्हाड़ी और सरियों से मारपीट की गई। इसमें दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर हालत में दोनों को रात को ही ग्वालियर के अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने इस मामले में फरियादी की रिपोर्ट पर पंडोखर सरकार गुरुशरण शर्मा, उनके भाई रामजीशरण शर्मा, बहनोई सहित 5 से 6 अन्य अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास सहित बलवा व मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
पंडोखर सरकार ने कहा मारो इनको
सफेद गाड़ी में यह लोग आश्रम ले गए। जहां पहले से मौजूद पंडोखर सरकार गुरुदेवशरण शर्मा ने कहा कि इनको मारो। इसके बाद सभी ने हमला कर दिया। सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर सड़क पर फेंक दिया। इसके साथ ही इनके मोबाइल भी छीन लिए गए, ताकि यह किसी को मदद के लिए नहीं बुला पाए।
पुलिस के मुताबिक फरियादी पंकज दुबे की रिपोर्ट पर गुरुदेवशरण शर्मा उर्फ पंडोखर सरकार, भाई रामजीशरण शर्मा, पंडोखर सरकार के बहनोई सहित 5-6 अन्य अज्ञात लोगों पर धारा 307, 392, 147, 148, 149, 294, 506 के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं।
जनपद उपाध्यक्ष हैं पंडोखर सरकार
पंडोखर सरकार यानि गुरुदेवशरण शर्मा वर्तमान में भांडेर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हैं। इससे पूर्व भी इन पर कई मामलों को लेकर गंभीर आरोप लग चुके हैं। पुलिस इनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।