देहरादून

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बोले, भाजपा युवाओं को रोजगार देने में नाकाम, कार्यकारिणी विस्तार को लेकर ये कहा

उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा सरकार पर तमाम आरोप लगाए हैं। कहा कि भाजपाराज में न महिलाएं सुरक्षित हैं और न युवाओं का भविष्य।

2 min read
Oct 17, 2023
​कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने मंगलवार को अल्मोड़ा में प्रेसवार्ता की

मंगलवार शाम अल्मोड़ा के माल रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में आज न महिलाएं सुरक्षित हैं और न ही युवा। हत्या, दुराचार और छेड़छाड़ के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। आरोप लगाया कि अंकिता हत्याकांड के आरोपियों को बचाने के लिए सरकार ने गेस्ट हाउस पर बुलडोजर चलाया, आग लगाई और सीलिंग नहीं की। इसके पीछे मंशा सिर्फ सबूतों को मिटाना थी ताकि आरोपी का नाम लोगों के सामने न आ सके। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सरेआम गुंडागर्दी करते हैं और संगठन उन्हें बढ़ावा दे रहा है।

कांग्रेस जा रही जनता के बीच
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस लगातार इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। आने वाले चुनावों में जनता जरूर न्याय करेगी और भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी। प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, विधायक मनोज तिवारी, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, किशन लाल, तारा चंद्र जोशी, राधा बिष्ट, दिनेश नेगी, राजेंद्र बाराकोटी, शोभा जोशी, पीतांबर पांडे आदि मौजूद रहे।

बोले, विधायक धामी ने निभाया अतिथि सत्कार धर्म
प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि धारचूला विधायक हरीश धामी ने अतिथि सत्कार का धर्म निभाया। यह सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ता व नेता ही कर सकता है। भाजपा में इस प्रकार के संस्कार नहीं हैं। कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी पूजा अर्चना को जागेश्वर धाम और आदि कैलाश पहुंचे थे। इन दोनों धामों से लाखों भक्तों की आस्था जुड़ी हुई है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विधायक हरीश धामी ने पीएम का आभार जताकर अपना धर्म निभाया है।

जल्द होगा कार्यकारिणी का गठन
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनकी ओर से सूची तैयार की जा चुकी है। हाईकमान के निर्देश मिलते ही प्रत्येक जिलों में कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। कहा कि जिले में जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भूपेंद्र सिंह भोज निभा रहे हैं। उन्ही के नेतृत्व में पार्टी कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। पार्टी में बिना पद के कोई कार्यक्रम आयोजित करता है तो वह उसका समर्थन नहीं करते हैं।

Published on:
17 Oct 2023 06:44 pm
Also Read
View All

अगली खबर