
आभूषण, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में 26 करोड़ से अधिक का कारोबार
देवास. दीपोत्सव की शुरूआत धनतेरस पर्व से शुरू हो गई है। धनतेरस पर लोगों ने सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स आयटम व बर्तनों की जमकर खरीदी की और धन की बारिश देखने को मिली। धनतेरस पर इस बार सोनो-चांदी में जिले में ८ करोड़ और दो पहिया इंडस्ट्री में १८ करोड़ और इलेक्ट्रॉनिक्स १ करोड़ से अधिक का व्यापार हुआ। पुष्य नक्षत्र के बाद धनतेरस पर बाजार में सुबह से लेकर रात लोगों की भीड़ देखने को मिली। व्यापार अच्छा होने के साथ व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे थे।
शुक्रवार को शहर के मुख्य बाजार एमजी रोड, नावेल्टी चौराहा, शालिनी रोड, जवाहर चौक, तहसील चौराहा, सुभाष चौक व तहसील चौराहा सहित लगी दुकानों पर बाजारों में मिट्टी के दीयों की खूब खरीदारी की। मिट्टी के अलावा बिजली लाइट से जलने वाले दीये भी खूब बिके। बाजारों में दीये बेचने वालों के यहां खासी भीड़ नजर आई। स्टीकर्स, वंदनवार, लक्ष्मीजी के पाने, गन्ने, फूल आदि की दुकानों पर भी भीड़ देखने को मिली।
गेंदा बिका ७० रुपए किलो
फूल मंडी में दीपोत्सव के पहले दिन गेंदे के फूल (पीला और केशरिया) ७० रुपए किलो थोक भाव में बिका। खेरची में गेंदा फूल की बात की जाए तो ९० रुपए किलो तक बेचा गया। मंडी में गुलाब के फूल की भी अच्छी खासी डिमांड रही। डिमांड के चलते गुलाब का फूल १५० रुपए से लेकर २०० रुपए किलो तक बिका। इधर फूल मंडी व्यापारी का कहना है दीपावली तक गेंदे के फूल के भाव थोक में ९० रुपए तक चले जाएंगे। दीपोत्सव के पूर्व से लेकर अभी तक ३० से ४० रुपए के भाव बढ़े है। शहर में गेंदे के फूल की वंदनवार १०० रुपए फीट और हार ५० रुपए से लेकर १०० रुपए तक में बिकी है।
अलमारी, आटा चक्की और टीवी की रही मांग
शहर में इस साल फर्नीचर में अलमारी, फ्रीज, वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी और आटा चक्की की खरीदी जमकर हुई। इस बार धनतेरस पर १ करोड़ से अधिक का इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की बिक्री हुई है। इस साल महिलाओं की पहली पसंद आटाचक्की रही है। इस साल धनतेरस पर काफी महिलाओं ने इसकी खरीदी की है।
-संदीप चौैबे, संचालक, संदीप मार्केटिंग,
2 हजार वाहन बिके
जिले में इस साल धनतेरस पर सभी कंपनियों के करीब २ हजार दो पहिया वाहनों की बिक्री हुई है। टू व्हीलर्स इंडस्ट्री में इस साल १६ करोड़ रुपए वाहनों की बिक्री धनतेरस पर हुई है। इस साल जिस मुताबिक व्यवसाय होना था उसी के हिसाब से व्यापार हुआ है। दीपावली को लेकर भी लोगों ने वाहनों की बुकिंग करवाई है।
-सुनील डोडिया, कोषाध्यक्ष, टू व्हीलर्स इंडस्ट्री एसोसिएशन, जिला देवास
सिक्के व आभूषण की हुई खरीदी
जिले में इस साल धनतेरस के दिन सोने के आभूषण के साथ चांदी के सिक्कों की अच्छी खरीदी हुई है। जिले में इस साल 8 करोड़ रुपए का व्यवसाय हुआ है। देवास शहर में २ करोड़ से अधिक का व्यापार हुआ है। पुष्यनक्षत्र के बाद धनतेरस पर भी अच्छा व्यवसाय की उम्मीद थी वैसा ही व्यापार हुआ है।
-संजय जैन, प्रदेश अध्यक्ष, सोना-चांदी एसोसिएशन, देवास
अच्छा व्यापार होने की उम्मीद
धनतेरस पर बर्तन खरीदना का महत्व रहता है। यह परंपरा बरसों पुरानी चली आ रही है। धनतेरस पर लोग दीये से लेकर घरेलू बर्तन खरीदने के लिए आए थे। इस बार अच्छा व्यापार भी हुआ। महिलाओं ने बर्तन रखने की अलमारी, कुकर, कड़ाई सहित अन्य सामान खरीदे हैं।
-गोपाल बिंदल,व्यापारी, एमजी रोड, देवास
फैक्ट फाइल
सेगमेंट व्यापार
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार ४ करोड़ रुपए
दो पहिया १६ करोड़ रुपए
सोना-चांदी ८ करोड़ रुपए
(नोट-समस्त आंकड़े व्यापारियों से प्राप्त)
Published on:
11 Nov 2023 01:08 am

बड़ी खबरें
View Allदेवास
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
