टावर लगवाने के नाम पर 6 लाख से अधिक की ठगी
साइबर थाने में मामला दर्ज
डूंगरपुर. जिले में साइबर क्राइम तेजी से बढ़ रहा है। ठग हर बार नए तरीके से ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे है। बदमाशों ने एक युवक से टावर लगवाने के नाम साढ़े छह लाख से अधिक रुपए की ठगी की। इसे लेकर युवक ने साइबर थाने में रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि प्रार्थी सागवाड़ा थाना क्षेत्र के युवक ने विज्ञापन पर लगे मोबाइल नम्बर पर अपनी जमीन पर टावर लगवाने पर फोन किया। प्रार्थी की आकाश सिंह नामक युवक से बात हुई। आकाश ने बातचीत के दौरान प्रार्थी को जमीन की खाता संख्या, आधार कार्ड की प्रतिलिपि मोबाइल पर भेजने के लिए कहा। इस पर उसने दस्तावेज मोबाइल नम्बर पर भेज दिए। इस पर आकाश ने प्रार्थी को फोन कर उक्त जमीन का टावर लगाने के लिए सलेक्शन होना बताया और टावर लगवाने का खर्चें की मांग की। प्रार्थी के खर्चा देने के लिए राजी होने पर आकाश ने गिरजा शंकर दवे के नाम से खाता नम्बर दिया। इस पर प्रार्थी ने ई-मित्र के माध्यम से अलग अलग किश्तों में छह लाख 63 हजार 850 रुपए जमा करवाए। इसके बाद प्रार्थी ने आकाश से कम्पनी के दस्तावेज मांगे। इस पर ठग ने प्रार्थी को मोबाइल पर पहचान पत्र व कम्पनी गांरटी पत्रावली भेज ओर रुपए की मांग करने लगा। लेकिन, उसने रुपए देने से मना कर दिया और जमा रुपए भी वापस देने की मांग की, इसके बाद ठग ने मोबाइल बंद कर दिया। इस पर प्रार्थी को ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर थाने में रिपोर्ट दी। साइबर टीम ने मामला दर्ज कर ठग की तलाश शुरू कर दी है।