
Faizabad Crime
फैजाबाद. प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रामनगरी अयोध्या दौरे से ठीक 24 घंटे पहले फैजाबाद शहर के मुख्य बाजार में गोलियों की तड़तड़ाहट ने सनसनी मचा दी। जमीनी कारोबार के विवाद में एक कपड़ा व्यवसाई की दिनदहाड़े हुई हत्या ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा दिया है। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब फैजाबाद शहर के हृदय स्थल चौक इलाके में कपड़ा व्यापारी हिमांशु छाबड़ा अपनी दुकान पर बैठकर धनतेरस की दुकानदारी कर रहे थे। उसी समय हथियारों से लैस होकर पहुंचे दो बदमाशों ने दुकान के अंदर घुसकर उनके सीने पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी और घटना को अंजाम देने के बाद बेहद आसानी से भरे बाजार से रफूचक्कर हो गए।
धनतेरस के दिन मुख्य चौक बाज़ार में हुई वारदात से मची सनसनी
वारदात के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने तत्काल खून से लथपथ व्यापारी को इलाज के लिए फैजाबाद जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद व्यवसाइयों ने फैजाबाद शहर के रकाबगंज चौराहे पर शव रखकर रोड जाम कर दिया । घटना की पृष्ठभूमि जमीनी विवाद से जुड़ी हुई बतायी जा रही है। बताया जा रहा है कि मृत व्यापारी हिमांशु छाबड़ा के देव काली क्षेत्र स्थित आवास पर बीते सप्ताह फायरिंग की गई थी और पुलिस ने मामले में अजय यादव और सोनू पांडे नाम के दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फिलहाल इस घटना को उसी वारदात की एक कड़ी माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों की तस्वीर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और उसी आधार पर पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।
Published on:
17 Oct 2017 08:02 pm
बड़ी खबरें
View Allफैजाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
