Ayodhya News: यूपी की गोसाईगंज विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक खब्बू तिवारी ने फैजाबाद कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। इस मामले में वांछित थे।
Former BJP MLA Khabbu Tiwar: फर्जी मार्कशीट केस में उच्च न्यायालय के आदेश के बाद यूपी के गोसाईगंज से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू ने फैजाबाद न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है। इंद्र प्रताप तिवारी फर्जी अंकपत्र के मामले में फरार चल रहे थे। उनको आदालत ने जेल भेज दिया है। इसी केस में 2 दिन पहले ही फूलचंद यादव को जेल हुई थी। एमपी-एमएलए की स्पेशल कोर्ट ने फर्जी अंकपत्र मामले में सजा सुनाई थी। मामले में उनके सह आरोपी चाणक्य परिषद के कृपा निधान तिवारी अभी भी अंडरग्राउंड चल रहे हैं। हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने पर पूर्व विधायक खब्बू ने सरेंडर किया है।
पत्नी को लडाया था 2022 का चुनाव
सजा मिलने के बाद जब उनकी विधानसभा की सदस्यता रद्द हो गई और 2022 में यूपी असेंबली इलेक्शन लड़ने के लिए अयोग्य साबित हो गए थे तो भाजपा ने गोसाईगंज सीट से उनकी पत्नी आरती तिवारी को चुनावी रण में उतारा, लेकिन वे समाजवादी पार्टी के अभय सिंह से चुनाव हार गई थीं।
5 साल की हुई थी सजा
पूर्व भाजपा विधायक खब्बू पर फर्जी अंकपत्र के जरिए प्रवेश लेने का आरोप लगा था। यह मामला साल 1992 का है। इस केस में 29 साल बाद फैसला आया था। 18 अक्टूबर को उनको 5 साल की सजा हुई थी। इसके बाद उनकी सदस्यता रद्द हो गई थी। इसी केस में तीन आरोपियों को सजा सुनाई गई थी। खब्बू तिवारी ने भाजपा के टिकट पर 2017 में विधानसभा का इलेक्शन लड़ा था, जिसमें उन्होंने विजय प्राप्त की थी। इससे पूर्व वे सपा और बसपा के टिकट पर भी चुनाव लड़ चुके हैं।