मिली जानकारी के अनुसार, छुरा में रहने वाले तरेंद्र दीवान (20), वंदना पटेल (19) व एक अन्य महिला एकसाथ बाइक पर सवार होकर निकले थे। वे छट्ठी में शामिल होने के लिए बीरोडार गांव जा रहे थे। छुरा से निकलकर वे जैसे ही कॉलेज के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार मेटाडोर ने उन्हें टक्कर मार दी। मेटाडोर की रफ्तार का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि बाइक को ठोकर मारने के बाद मेटाडोर दो पेड़ों को उखाड़ते हुए तीसरे पेड़ से टकराकर रूका।
बताते हैं कि मेटाडोर शहर के ही एक सीमेंट-छड़ कारोबारी का है। जब ये घटना हुई तब ड्राइवर छड़-सीमेंट छोड़कर वापस आ रहा था। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बाइक में सबसे पीछे बैठी वंदना मौके पर ही दम तोड़ चुकी थी। बाकी दो लोगों का इलाज चल रहा है। इधर, घटना के बाद छुरा के लोगों ने तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि जहां ये दुर्घटना हुई, उस रास्ते पर कई मोड़ हैं। लोगों को इस बारे में जानकारी देने के लिए कहीं भी संकेतक बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। रोड साइड मुरूम भी नहीं बिछाई गई है। इसके चलते आए दिन दुर्घटना हो रही है।