
5 दिन की छुट्टी के बाद 1500 ट्रॉली पहुंची गुना की कृषि उपज मंडी में
गुना . अन्नदाता की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले मौसम की मार और अब उपज बेचने लंबा इंतजार। मंगलवार को गुना की कृषि उपज मंडी में करीब 1500 ट्रैक्टर ट्रॉली जमा थी। जिसके कारण किसानों को डाक के लिए बहुत लंबा इंतजार करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी धनिया लेकर आए किसानों को आई। क्योंकि करीब 500 ट्रॉली इस मंडी में खड़ी थी। वहीं गेहंू की मंडी में करीब 800 ट्रॉली आई थी। यहां धनिया की अपेक्षा ज्यादा जगह और व्यापारी भी थे। इसलिए इनकी डाक तो हो गई। वही चना, मसूर और मक्का की करीब 100 ट्रॉलियां आई थीं। कुल मिलाकर पांच दिन लगातार मंडी बंद रहने के बाद किसान अपनी उपज बेचने दो दिन पहले ही मंडी परिसर में पहुंच गए थे। इसके बावजूद उन्हंोंने उपज बेचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा है। इस दौरान किसानों को शौच के लिए ज्यादा परेशानी आई। किसानों ने बताया कि मंडी परिसर में दो कॉप्पलैक्स हैं लेकिन किसानों की संख्या एक साथ बहुत ज्याद होने की वजह से यह परेशानी आई है। वहीं अधिकांश किसानों को इसकी जानकारी भी नहीं थी। इसलिए उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा है। किसानों की मांग है कि काम्पलैक्स की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए।
बता दें कि रविवार और सोमवार को ही बड़ी संख्या में किसान ट्रेक्टर ट्रॉली लेकर उपज बेचने गुना की कृषि उपज मंडी में आ चुके थे। इन सभी किसानों की ट्रॉलियां मंडी समिति ने अंदर रखवा दी थीं। इनकी डाक अगले दिन मंगलवार को सुबह 10 बजे से शुरू हुई जो साढ़े 12 बजे तक होनी थी। लेकिन किसानों की संख्या ज्यादा होने से 1 बजे तक सभी किसानों की मंडी नहीं हो सकी। जिसके कारण शेष किसानों का नंबर नहीं आ पाया। स्थिति को भांपते हुए किसान वापस चले गए। यही वजह रही कि दोपहर 2 बजे तक मंडी परिसर का कुछ हिस्सा खाली था जबकि धनिया और चना मंडी में भीड़ थी। व्यापारियों का कहना था कि शाम 4 बजे के बाद जो किसान आएंगे उनकी ट्रॉलियां परिसर में अंदर करवा ली जाएंगी। उनकी डाक अगले दिन बुधवार को होगी।
-
गुरुवार के बाद फिर चार दिन बंद रहेगी मंडी
मंगलवार को जब सैकड़ों किसान गुना की नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में अपनी डाक होने का इंतजार कर रहे थे, उसी दौरान मंडी समिति ने एनाउंसमेंट कर जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार से चार दिन मंडी बंद रहेगी। 6 अप्रेल को श्री हनुमान जयंती, 7 अप्रेल शुक्रवार को गुड फ्राइडे, 8 अप्रेल शनिवार को बैंक बंद रहने से तथा 9 अप्रेल को रविवार का अवकाश होने से मंडी बंद रहेगी। इस तरह 10 अप्रेल सोमवार को ही डाक होगी।
-
किसानों की परेशानी उनकी जुबानी
मैं अशोकनगर जिले के शाढौरा से धनिया लेकर गुना मंडी में आया था। क्योंकि अशोकनगर की नई मंडी अभी पूरी तरह से चालू नहीं हुई है। वहां पहले ही किसानों की संख्या ज्यादा थी। मैं 2 अप्रेल को सुबह 8 बजे गुना की मंडी में ट्रॉली लेकर आ गया था। लेकिन 4 अप्रेल को दोपहर 1 बजे तक अब तक डाक नहीं हो पाई है। इस मंडी में किसानों की संख्या बहुत ज्यादा है।
राजपाल यादव, किसान
-
मैं गुना के ग्राम पगारा से फसल बेचने तीन दिन पहले ही मंडी में आ गया था। इस दौरान सबसे ज्यादा परेशानी शौच के लिए जाने की है। किसानों की संख्या बहुत अधिक है। आखिर किसान कब तक इंतजार करे। यह बहुत गंभीर समस्या है, इस ओर मंडी प्रशासन को विशेष ध्यान देना चाहिए। क्योंकि किसानों को कई-कई दिनों तक मंडी में रुकना पड़ता है।
राजेश कुमार पांडे, किसान
-
मैं श्यामपुर गांव से रविवार को ही धनिया लेकर गुना मंडी में आ चुका था। इस बार मौसम की मार की वजह से धनिया की क्वालिटी खराब हो गई है। जिससे भाव आधार रह गया है। किसानों को बहुत ज्यादा नुकसान झेलना पड़ रहा है। पहले मजदूरों से कटाई में दोगुनी मजदूरी देनी पड़ी।
वीरेंद्र सिंह रघुवशी, किसान
--
गुना कृषि उपज मंडी 4 अप्रेल को जिसों का यह रहा भाव
जिंस न्यूनतम/उच्चतम/मॉडल भाव
गेहूं 1980/5500/2520
धनिया 4700/9600/5525
चना 4405/5090/4875
सरसों 4680/5380/5190
मसूर 5350/6080/5645
सोयाबीन 4405/5405/5045
मक्का 2000/2120/2100
मूंग 7230/8400/8275
Published on:
05 Apr 2023 01:44 pm
बड़ी खबरें
View Allगुना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
