गुना. जिले में 29 जनवरी को पल्स पोलियो अभियान में पांच साल तक की आयु के 2 लाख 2 हजार 425 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए 1447 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3782 कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। सोमवार को जिला टास्कफोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर राजेश जैन ने इस अभियान को सफल बनाने के स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए।
कलेक्टर जैन ने कहा, हाई रिस्क एरिया, रेल्वे स्टेशन, बस स्टैंड, मेलों, र्इंट-भट्टों, क्रेशर और एबी रोड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों पर विशेष नजर रखी जाए, जहां कोई भी पांच साल तक का बच्चा दवा पीने से छूटने न पाए। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों की वह स्वयं मानीटरिंग करें। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रदीप मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास आरके तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी संजय श्रीवास्तव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और लोक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
लक्ष्य से कम प्रगति पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने कहा कि जिन टीकाकरण दलों एव स्वास्थ्य कार्यकत्र्ताओं की लक्ष्य से कम प्रगति आएगी, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकत्र्ताओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्र्ताओं के कार्य की मानीटरिंग करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अनुविभाग स्तर पर इस कार्य की अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मानीटरिंग करेंगे। कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि टीकाकरण दल रेल्वे स्टेशन पर ट्रेन में यात्रा कर रहे बच्चों तथा बस स्टैंडों पर बसों में यात्रा कर रहे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाए। इसके लिए विशेष निर्देश दिए गए।
1447 केंद्रों पर तैनात होंगे 3782 कर्मचारी
सीएमएचओ डा. मिश्रा ने बताया कि 29 जनवरी को पांच साल तक के बच्चों को टीकाकरण केंद्रों पर लाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। जिसके लिए जिलेभर में 1447 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। 30 एवं 31 जनवरी को छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी। इस अभियान में दवा पिलाने के कार्य के लिए 3782 टीकाकरण कर्मचारियों को तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा 187 सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई जा रही है।
18 ट्रांजिट टीमें तैनात की जा रही हैं। सीएमएचओ ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने की तैयारियां कर ली गई हैं। स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डॉ. अमित गंभीर ने पोलियो अभियान की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।