
ग्वालियर. मप्र चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में व्हाइट हाउस और क्रियेटिव हाउस ने तीन-तीन सीटों पर कब्जा जमाया है। व्हाइट हाउस ने अध्यक्ष, मानसेवी सचिव और मानसेवी संयुक्त सचिव पद हथिया लिया है, वहीं क्रियेटिव हाउस ने संयुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। मप्र चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिष्ठापूर्ण और बहुप्रतीक्षित चुनाव बुधवार को संपन्न हुए। वर्ष 2023-26 की कार्यकारिणी में 6 पदाधिकारियों के लिए 15 प्रत्याशी और कार्यकारिणी के 21 समूहों में 67 प्रतिनिधि चुने जाना थे, जिसके लिए 104 प्रत्याशी मैदान में थे। चैंबर ऑफ कॉमर्स के 3110 मतदाताओं की वोटिंग में से पदाधिकारियों के पद के लिए कुल 2772 सदस्यों ने वोट डाले। कार्यकारिणी सदस्य में 1527 सदस्यों के लिए वोटिंग में कुल 1411 लोगों ने वोट डाले। पदाधिकारियों के लिए 338 सदस्य वोट देने नहीं आए।
अचलेश्वर का रास्ता बंद, रोशनी घर पर लगता रहा जाम
चुनाव की वजह से बुधवार सुबह से पुलिस ने अचलेश्वर मंदिर का रास्ता बंद कर दिया था। इस रास्ते से गुजरने वाली गाड़ियां रोशनी घर रोड़ से निकाली गईं। इसलिए उस रास्ते पर दिन भर जाम लगता रहा। इसका असर इंदरगंज चौराहे के यातायात पर भी पड़ा। यहां भी जाम लगा रहा।
बेरिकेड्स के पास पार्किंग
अचलेश्वर रोड पर गाड़ियां नहीं आए इसलिए सुबह से पैट्रोल पंप के पास, रोशनीघर से अचलेश्रर मंदिर रोड से जुडऩे वाली गलियों और ललितपुर कॉलोनी जाने वाले रास्ते पर बेरिकेड्स लगा दिए थे। जिन लोगों चेंबर ऑफ कामर्स में जाना था वह बेरिकेड्स की आड़ में गाड़िया पार्क कर गए। इससे पैदल आने जाने वाले भी आने जाने के लिए परेशान हुए।
बाजार क्यों बंद करवा रहे हो : बुधवार सुबह चेंबर ऑफ कामर्स के सामने और आसपास के कारोबारी दुकानें खोलने आए तो पुलिस ने आज छुटटी रखने के लिए कहा। इससे कारोबारी पशोपेश में आ गए। उनका कहना था चुनाव तो चेंबर के अंदर हो रहे है। उनकी दुकानें तो बाहर हैं। फिर उनका धंधा क्यों चौपट किया जा रहा है। बाजार खुलवाया जाए इसलिए दुकानदारों ने चुनाव लड रहे उम्मीदवारों और प्रशासन, पुलिस के अधिकारियो ंसे जददोजहद भी की। लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई।
जाम लग रहा जाने दो
रोशनी घर रोड पर जाम की वजह से वाहन चालकों ने अचलेश्वर रोड से गाडिय़ां निकालने की कोशिश की। बेरीकेडस पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस पर भी वाहन चालकों और पुलिस के बीच बहस हो रही। लोगों का कहना था एक रास्ता बंद किया तो दूसरे पर जाम खुलवाओ। चेंबर के चुनाव है तो उन्हें क्यों परेशान किया जा रहा है।
65 सीए और एडवोकेट ने की काउंटिंग
चुनाव की मतगणना शाम 7.15 बजे बाद प्रारंभ की गई। इसके लिए 65 चार्टर्ड अकाउंटेंट और एडवोकेट को लगाया गया था। सीए और एडवोकेट ने मतों की गिनती की।
किसको कितने वोट मिले
अध्यक्ष - डॉ.प्रवीण अग्रवाल 1805
विजय गोयल 954
संयुक्त अध्यक्ष - हेमंत कुमार गुप्ता 1765
डॉ.प्रकाश अग्रवाल 974
उपाध्यक्ष - राकेश अग्रवाल 1173
सागर अग्रवाल 958 संजय अग्रवाल 593
मानसेवी सचिव - दीपक अग्रवाल 1537
जगदीश मित्तल 1202
मानसेवी संयुक्त सचिव - पवन कुमार अग्रवाल 1641
सुनील गर्ग 1081
कोषाध्यक्ष - दीपक अग्रवाल 237
मनोज अग्रवाल 928
रविंद्र कुमार सिंघल 235
संदीप नारायण अग्रवाल 1338
अंचल के युवाओं की जीत: दीपक अग्रवाल
चैंबर ऑफ कॉमर्स के मानसेवी सचिव पद पर विजयी हुए दीपक अग्रवाल ने कहा कि ये ग्वालियर अंचल के सभी युवा वर्ग की जीत है। 27 साल बाद पहली बार कोई युवा सीधे मानसेवी सचिव पद का चुनाव जीता है। मैं इसे युवाओं की जीत मानता हूं। ग्वालियर अंचल के सभी सदस्यों को चैंबर से इस प्रकार जोड़ूंगा, ताकि 3142 परिवार सीधे जुड़े रहें। उनकी सभी तरह की व्यापार-उद्यम की समस्याओं को आने के पहले ही हल निकालने की कोशिश करूंगा।
कॉमन एजेंडे पर काम करेंगे : डॉ.प्रवीण अग्रवाल
चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष चुने जाने के बाद डॉ.प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि सभी व्यापारियों ने मुझ पर विश्वास किया है। सभी के बीच सामंजस्य बनाते हुए एक कॉमन एजेंडा तैयार करेंगे और लगातार तीन वर्ष तक काम करेंगे। ग्वालियर के हर व्यापारी की उम्मीद पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। चाहे वह चैंबर का सदस्य हो या नहीं। साथ ही चैंबर ऑफ कॉमर्स को नई पहचान देने की कोशिश करूंगा। मेरी जीत को जीत नहीं बल्कि इसे चयन प्रक्रिया मानता हूं, यही सदस्यों का अंतिम निर्णय है। इसी वजह से मुझे विजयश्री प्राप्त हुई है।
चुनाव में ऐसे रहा वोटिंग का दौर
सुबह 10 बजे तक पदाधिकारियों के लिए 246, कार्यकारिणी सदस्यों के लिए 127
सुबह 11 बजे तक पदाधिकारियों के लिए 488, कार्यकारिणी सदस्यों के लिए 269
दोपहर 12 बजे तक पदाधिकारियों के लिए 744, कार्यकारिणी सदस्यों के लिए 399
दोपहर 1 बजे तक पदाधिकारियों के लिए 1445, कार्यकारिणी सदस्यों के लिए 766
दोपहर 2 बजे तक पदाधिकारियों के लिए 1742, कार्यकारिणी सदस्यों के लिए 904
दोपहर 3 बजे तक पदाधिकारियों के लिए 2100, कार्यकारिणी सदस्यों के लिए 1106
शाम 4 बजे तक पदाधिकारियों के लिए 2560, कार्यकारिणी सदस्यों के लिए 1320
शाम 5 बजे तक पदाधिकारियों के लिए 2772, कार्यकारिणी सदस्यों के लिए 1411
Published on:
19 Jan 2023 09:23 pm

बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
