
ज्येष्ठ पूर्णिमा : भगवान वेंकटेश के साथ हुआ ठाकुर जी का ज्येष्ठाभिषेक
ग्वालियर. ज्येष्ठ (स्नान) पूर्णिमा श्रद्धाभाव के साथ रविवार को मनाई गई। मंदिरों में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य भी किया। नई सडक़ नक्कासा नंबर दो स्थित जानकी वल्लभ मंदिर में सुबह प्रभु वेंकटेश का ज्येष्ठाभिषेक मंदिर के प्रमुख पुजारी योगेश (गोलू) और सहायक पुजारी अशोक ने संपन्न कराया। अभिषेक के यजमान पद्मा मुकुंद माहेश्वरी थे। मंदिर के ट्रस्टी रामनिवास माहेश्वरी ने बताया कि इसके बाद आरती कर गोष्ठी प्रसाद वितरण किया गया। वहीं महाराजपुरा, भिंड रोड स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर में सुबह 9 बजे भगवान वेंकटेश बालाजी का पंचामृत से ज्येष्ठाभिषेक किया गया। फिर विशेष शृंगार के बाद सत्यनारायण की कथा और हवन किया गया। सुबह 11 बजे आरती कर गोष्ठी प्रसाद वितरित हुआ। सराफा बाजार स्थित श्रीनाथ जी हवेली के मुखिया यमुनेश नागर ने बताया कि ज्येष्ठ पूर्णिमा पर रविवार को सुबह 7 बजे शंख में सप्त नदियों का शीतल जल भरकर ज्येठाभिषेक किया गया। ठाकुरजी को स्नान के बाद ठंड लगने पर उनके लिए टोड़ी राग गाया गया। सुबह 11 बजे राजभोग में आम का भोग लगाया गया।
गिर्राज जी की लगाई परिक्रमा
ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा के चलते श्रद्धालुओं ने गिर्राज मंदिरों पर भगवान गिर्राज की परिक्रमा लगाई। सुबह से शहर के ओल्ड हाइकोर्ट स्थित गिर्राज मंदिर, मुरार सदर बाजार स्थित गिर्राज मंदिर पर श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचने लगी थी। गर्मी के बावजूद मंदिरों पर दिन भर परिक्रमा का दौर जारी रहा। वहीं नया बाजार स्थित इस्कॉन ग्वालियर समिति ने भगवान जगन्नाथ का महाभिषेक किया। ज्येष्ठ (स्नान) पूर्णिमा पर साल में एक ही दिन होने वाले इस अभिषेक के बाद भगवान जगन्नाथ के दर्शन रथयात्रा तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। इस्कॉन के महेंद्र प्रभू नेे बताया कि इस दौरान जगन्नाथ का नवकलेवर किया जाएगा।
Published on:
04 Jun 2023 10:52 pm

बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
