3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पहली बारिश ने खोली नपा की सफाई की पोल, सडक़ पर आया नालों का मलबा

-शहर में नपा पहली बार ठेके पर करा रही नालों की सफाई-दो साल पहले शहर में बन चुके हैं बाढ़ के हालात, इस बार भी हुई नाला सफाई में खानापूर्ति-बस स्टैंड, सब्जी मंडी में कीचड़, बाजार में पसरा मलबा-पहली बारिश में उफने नाले, सड़कों पर आया मलबा, खुद ही पानी निकालने का प्रयास करते दुकानदार

2 min read
Google source verification
पहली बारिश ने खोली नपा की सफाई की पोल, सडक़ पर आया नालों का मलबा

पहली बारिश ने खोली नपा की सफाई की पोल, सडक़ पर आया नालों का मलबा

श्योपुर। रविवार की रात से शुरू हुई बारिश सोमवार को दिन भर रुक-रुककर जारी रही। मानसून से पहले हुई पहली बारिश ने नगर पालिका के सफाई इंतजामों की पोल खोल दी। सरकारी व्यवस्था में लापरवाही का खामियाजा चार वर्ग किलोमीटर का शहर पूरे दिन परेशानी झेलता रहा। चोक नालों का मलबा सड़क पर जमा हो गया। जय स्तंभ के सामने की सड़क पूरे दिन बंद रही और पुल दरवाजा क्षेत्र में भरे पानी को दुकानदार खुद ही निकालने की कोशिश करते रहे। सब्जी मंडी में कीचड़ थी तो बस स्टैंड पर शैड की व्यवस्था न होने से लोग भीगने पर विवश हुए।


शहर में दो वर्ष पहले बारिश की वजह से बाढ़ के हालात बने थे। इसके बाद से लगातार खतरा बना हुआ है लेकिन नगर पालिका ने सबक नहीं लिया और अब इस वर्ष फिर से स्थिति खराब होने की संभावना है। नालों की सफाई अभी तक नहीं कराई गई। पिछले सप्ताह हुए टैंडर के बाद दो दिन पहले सफाई की औपचारिकता शुरू की लेकिन मलबा सड़क पर ही छोड़ दिया। बारिश ने इस मलबे को अब सड़कों पर फैला दिया है। जबकि पुल दरवाजा-टोड़ी बाजार जैसे क्षेत्रों में जल भराव हो गया।


30 लाख रुपए का हो चुका है टैंडर
-शहर में नाले, नालियों की सफाई के लिए 30 लाख रुपए का टैंडर हुआ है। शहर को तीन हिस्सों में बांटकर तीन ठेकेदारों को वर्क ऑर्डर दिया गया है। इन ठेकेदरों ने पिछले सप्ताह से ही काम शुरू किया। सफाई कहां हुई यह किसी को नहीं पता लेकिन दो दिन से बाजार में नालों का कचरा निकालकर सड़क पर छोड़ दिया है।


नपा की मैन पॉवर फेल
-ठेकेदार के माध्यम से आउट सोर्स पर लगाए गए कर्मचारियों के अलावा नगर पालिका में 266 अधिकारी-कर्मचारी हैं। इतनी मैन पॉवर होने के बाद भी सफाई का काम नहीं हुआ। ठेका होने से पहले तक नपा कर्मियों ने 5 बड़े नाले और 12 छोटे नालों में सफाई नहीं की। इस लापरवाही का परिणाम शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।


वर्सन
-नाले-नालियां सफाई के लिए तीन हिस्सों में टैंडर दिया गया है। ठेकेदार एक सप्ताह से काम कर रहे हैं। अभी मलबा सड़क पर छोड़ दिया था, जिससे स्थिति बिगड़ी। अब ठेकेदारों से कहा गया है कि बारिश में मलबा निकालकर सीधा ट्रॉली में डाला जाए। इसके साथ ही शहर के लोग भी जागरूक हों तो बेहतर रहेगा। देर रात बाजार बंद होते समय दुकानदार सड़क पर ही कचरा फैंक जाते हैं। यह कचरा नालियों में ही जाता है।
सतीश मटसेनिया,सीएमओ-नगर पालिका

Story Loader