
पूना से पांच दिन बाद भी नहीं आई कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज की रिपोर्ट
ग्वालियर। कोरोना वायरस के प्रभाव को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है, लेकिन संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आने में काफी समय लग रहा है। मुरार क्षेत्र में चीन से आए 15 महीने के बच्चे की पांच दिन पहले जांच कराई गई थी, लेकिन पूना से अब तक उसकी रिपोर्ट नहीं आई है। गुरुवार को इसके आने की संभावना है।
बच्चे को घर पर आइसोलेशन कर रखा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रतिदिन बच्चे का हालचाल जानने के लिए जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे की हालत काफी अच्छी है। लेकिन अभी भी परिवार को आइसोलेशन की सलाह दी गई है।
नेपाल से आए संदिग्ध मरीज का जेएएच में इलाज
कोरोना वायरस के एक और संदिग्ध मरीज का जेएएच में इलाज चल रहा है। उसे रविवार को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। वहसोमवार को खुद डॉक्टरों के पास पहुंचा था। उसे सर्दी, जुकाम की शिकायत थी। इस मरीज की भी जांच रिपोर्ट आने वाली है। दतिया निवासी 32 वर्षीय युवक बहोड़ापुर क्षेत्र में परिवार के साथ रहता है। यह नेपाल के रास्ते भोपाल होता हुआ ग्वालियर आया है। उसका अक्सर नेपाल आना-जाना रहता है।
रिपोर्ट का इंतजार है
कोरोना वायरस के संग्दिध बच्चे की रिपोर्ट का इंतजार है। यह रिपोर्ट संभवत: गुरुवार को आ जाएगी। हमारी टीम बच्चे पर नजर रखे हुए है।
डॉ.एसके वर्मा, सीएमएचओ
Published on:
11 Mar 2020, 10:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.