
ग्वालियर. इस बार माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट जल्दी घोषित होगा. इसके लिए 10वीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का मूल्यांकन दो चरणों में होगा. इसके अंतर्गत कॉपी जांचने का काम पांच मार्च से शुरू कर दिया जाएगा. हाईस्कूल और हायर सेकेंड्री की परीक्षाएं परीक्षाएं 17 व 18 फरवरी से शुरू हुई हैं और अभी चल रही हैं. ये परीक्षाएं आगामी 10 से 12 मार्च तक चलेंगी, इसके बीच ही मूल्यांकन भी प्रारंभ कर दिया जाएगा.
बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट समय पर जारी हो सके इसके लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा दो चरणों में मूल्यांकन का कार्य कराया जा रहा है. इसके लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा तैयार की गई योजना के तहत आगामी पांच मार्च से परीक्षाओं का मूल्यांकन शुरू कर दिया जाएगा. मूल्यांकन 28 मार्च तक किया जाएगा. इस तरह दोनों कक्षाओं की परीक्षा के साथ-साथ ही मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया जाएगा. ग्वालियर में पद्मा विद्यालय में केंद्रीय मूल्यांकन किया जाएगा.
केंद्रीय मूल्यांकन के तहत पद्मा विद्यालय में कापियां रखी जाएंगी और मूल्यांकन कर्ताओं को विद्यालय में आकर ही कापियां चेक करनी होंगी. इसके लिए यहां ग्वालियर अंचल के जिलों के बजाय अन्य संभागों के जिलों की कापियां आएंगी. इससे मूल्यांकन की पारदर्शिता भी बरकरार रहेगी.
एक मार्च से 12 मार्च तक होने वाले पेपरों के लिए मूल्यांकन परीक्षा के बाद शुरू किया जाएगा. उम्मीद जताई जा रही है कि मूल्यांकन का कार्य अधिकतम डेढ़ माह में पूरा हो जाएगा. ऐसे में हाई स्कूल व हायर सेकेंड्री का रिजल्ट मई माह में घोषित किया जा सकता है. गौरतलब है कि हर वर्ष मंडल द्वारा जून माह में रिजल्ट घोषित किया जाता है, लेकिन तब परीक्षाएं भी विलंब से यानि मार्च—अप्रैल में होती थीं. इस बार बोर्ड परीक्षाएं फरवरी माह में ही शुरू कर दी गई हैं. ऐसे में मूल्यांकन और रिजल्ट भी जल्द देने की तैयारी है ताकि नया सत्र भी समय पर शुरू हाे सके.
Updated on:
23 Feb 2022, 1:02 PM IST
Published on:
23 Feb 2022, 1:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.