
ग्वालियर. महाराज बाड़ा स्थित नजरबाग मार्केट, सुभाष मार्केट, न्यूू सुभाष मार्केट और नेहरू मार्केट के व्यापारियों की पार्किंग संबंधी प्रमुख समस्या सहित लोडिंग-अनलोडिंग वाहन और कचरा गाड़ी के आवागमन के संबंध में व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने शनिवार को स्मार्ट सिटी की सीईओ नीतू माथुर से उनके कार्यालय पर मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।चैंबर ऑफ कॉमर्स पदाधिकारियों के साथ गए व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने स्मार्ट सिटी सीईओ से चर्चा कर बताया कि नजरबाग मार्केट के निर्माण के समय मप्र गृह निर्माण मण्डल ने इस मार्केट की पार्किंग के लिए बाहरी हिस्से में लगभग 6 हजार मीटर की पार्किंग क्षेत्रफल छोड़ा गया था, जिसको नजरबाग मार्केट एसोसिएशन की ओर से नि:शुल्क संचालित किया जाता है।
इसमें सुरक्षा की दृष्टि एवं वाहनों को व्यवस्थित खड़ा करने के लिए नजरबाग मार्केट एसोसिएशन ने गार्ड की उचित व्यवस्था भी की हुई है। उक्त पार्किंग में दुकानदारों सहित मार्केट में आने वाले ग्राहक अपने वाहन खड़े करते हैं। उक्त पार्किंग को पूर्व में जब नगर-निगम की ओर से समाप्त करने का प्रयास किया गया तो नजरबाग मार्केट एसोसिएशन न्यायालय की शरण में न्याय के लिए गई थी, जिस पर न्यायालय ने एसोसिएशन के पक्ष में एक डिग्री पारित कर दी थी।
वर्तमान में स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन पैवर्स एवं स्टोन के पोल लगाकर पार्किंग में जाने वाले रास्ते को बंद किया जा रहा है, इससे पार्किंग में वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद हो जाएगा। साथ ही व्यापारियों का विक्रय के लिए आने वाला सामान भी इन मार्केट्स में लोडिंग व अनलोडिंग नहीं हो सकेगा तथा कचरा गाड़ी भी मार्केट में नहीं आ सकेगी। ऐसी परिस्थितियों में व्यापारी अपना कारोबार कैसे संचालित करेंगे। इस मौके पर चैंबर अध्यक्ष डॉ.प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष हेमन्त गुप्ता, उपाध्यक्ष डॉ.राकेश अग्रवाल, मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव पवन कुमार अग्रवाल सहित नजरबाग मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश बंसल, टोपी बाजार व्यापारी संगठन के अध्यक्ष संदीप वैश्य आदि मौजूद थे।
सड़क के समान व्यवस्थित ढंग से लगाएं पैवर्स
प्रतिनिधि मण्डल ने मांग की कि स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन को बाड़े की सुंदरता को यदि बढ़ाना है, तो पेवर्स को सड़क के समान, व्यवस्थित ढंग से लगाना चाहिए। स्टोन के जो पोल गाड़े जा रहे हैं, उन्हें पर्याप्त दूरी पर स्थापित किया जाए, ताकि वाहन पार्किंग में वाहन आसानी से आ-जा सकें और दुकानदारों की ओर से विक्रय के लिए आने वाले सामान की गाड़ियों सहित कचरा गाड़ी भी आसानी से आ-जा सके।
Published on:
12 Feb 2023, 10:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.