4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इस बार गर्मी में यहां नहीं होगी पानी की किल्लत, ये बना है प्लान

इस बार तिघरा जलाशय में अब भी 300 दिन से ज्यादा का पानी शेष, गर्मी में नहीं होगी किल्लत, जल्द ही शहर में 12 एमसीएफटी पानी की सप्लाई होगी शुरू

2 min read
Google source verification
water_1.jpg

ग्वालियर. रियासतकाल में शहर की प्यास बुझाने के लिए बनाए गए तिघरा डैम में इन दिनों पर्याप्त पानी है। हालांकि अब गर्मी आते ही पानी लगातार कम होता जाएगा। क्योंकि गर्मी में जहां पानी का वाष्पीकरण व लीकेज अधिक होते हैं, वहीं शहर में सप्लाई की मात्रा भी अधिक हो जाती है। वर्तमान में शहर में प्रतिदिन 10 एमसीएफटी पानी की सप्लाई की जा रही है। इस हिसाब से 316 दिन तक शहरवासियों को पानी की सप्लाई की जा सकती है। लेकिन इसी माह से अब प्रतिदिन शहर में 12 एमसीएफटी पानी की सप्लाई की जाएगी। इस हिसाब से तिघरा डैम में सिर्फ 263 दिन का ही शेष पानी बचेगा। यदि एक एमसीएफटी पानी लीकेज व गर्मी में प्रतिदिन वाष्पीकरण होता है तो यह संख्या घटकर 243 दिन पर आ जाएगी। 15 जून के बाद मानसून की दस्तक हो जाती है इसलिए माना जा रहा है कि पानी की कोई किल्लत नहीं होगी। अधिकारियों का दावा है कि तिघरा डैम अभी 736 फीट यानी 3660 एमसीएफटी तक पानी से भरा हुआ है जो इस वर्ष के लिए काफी है।

शहर में 1 लाख 56 हजार हैं कनेक्शन

नगर निगम सीमा के अंतर्गत शहर 3.15 लाख संपत्तियां दर्ज है। लेकिन नल कनेक्शन 1.56 लाख लोगों ने ही ले रखे हैं। बाकी की सम्पत्तियों पर लोग अवैध रूप से कनेक्शन लेकर पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि निगम व पीएचई विभाग अवैध कनेक्शन को रोकने के लिए तमाम कोशिश कर चुका है, लेकिन आज तक उसमें वह सफल नहीं हुआ है।

लीकेज व वाष्पीकरण में खर्च होगा एक एमसीएफटी पानी प्रतिदिन

वर्तमान में तिघरा डैम में 736.00 फीट यानी 3660.088 एमसीएफटी पानी है। इसमें 500 एमसीएफटी पानी डैड वाटर (जलीय जीव के लिए छोड़ने पर) होने से 3160 एमसीएफटी ही पानी तिघरा डैम में बच रहा है। इसमें प्रतिदिन 10 एमसीएफटी पानी की सप्लाई हो रही है। लेकिन अब गर्मी शुरू होते ही पानी की डिमांड अधिक बढऩे से सप्लाई 12 एमसीएफटी पर पहुंच जाएगी और करीब एक एमसीएफटी पानी का प्रतिदिन वाष्पीकरण व आए दिन पानी की लाइन में लीकेज होने पर बर्बाद होगा। इस हिसाब से तिघरा डैम में 243 दिन यानी 8 माह का पानी शेष बचेगा। तिघरा डैम से पानी मोतीझील के पुराने प्लांट, नए प्लांट और 160 एमएलडी प्लांट पर पहुंचाया जा रहा है। जहां से पानी फिल्टर होकर टंकियों में पहुंच रहा है। अभी करीब 90 टंकियां पानी से भरी जा रही हैं और इन टंकियों के माध्यम से पानी की सप्लाई लोगों के घर-घर की जा रही है।

डैम में पर्याप्त पानी है

अभी तिघरा डैम में काफी पानी है। अब गर्मी शुरू होते ही पानी की डिमांड अधिक होने से प्रतिदिन 12 एमसीएफटी से अधिक पानी की सप्लाई की जाएगी। अभी हम प्रतिदिन 10 एमसीएफटी से अधिक पानी दे रहे हैं।

यादवेंद्र शर्मा, एसडीओ जलसंसाधन विभाग


पूरे साल हो सकेगी सप्लाई

तिघरा डैम में अभी पर्याप्त मात्रा में पानी है। अभी प्रतिदिन 10 एमसीएफटी पानी की सप्लाई के लिए दिया जा रहा है। लेकिन जल्द ही प्रतिदिन 12 एमसीएफटी पानी शहर में सप्लाई के लिए दिया जाएगा। अभी डैम 736 फीट तक भरा हुआ है, हमारे पास पूरे साल का पानी है।

हेमंत शर्मा, उपयंत्री पीएचई