
ग्वालियर. बिजली कंपनी ने उन क्षेत्रों को बड़ा झटका दिया है जिनमें बिजली चोरी सबसे ज्यादा होती है। भुगतान नहीं तो बिजली नहीं के फॉर्मूले पर ऐसे छह क्षेत्रों से कंपनी ने ट्रांसफॉर्मर ही उठा लिए हैं। कंपनी की मानें तो इन क्षेत्रों में सर्वाधिक बिजली चोरी हो रही है, उपभोक्ताओं में 95 फीसदी से अधिक बकायादार हैं।
बिजली कंपनी ने शहरी क्षेत्र में बुधवार को पहली बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी ने इन क्षेत्रों को लोगों को कनेक्शन लेने के लिए कहा था, लेकिन किसी ने कनेक्शन नहीं लिया। इन छह ट्रांसफार्मर पर करीब 90 अवैध रूप से तार डालकर उपभोक्ता बिजली चोरी कर रहे थे। बिजली कंपनी ने ऐसे क्षेत्रों को चिह्नित कर लिया है। इसमें लाल टिपारा, हरिखेड़ा, सिरोल, जडेरुआ और गिरवाई क्षेत्र शामिल हैं, जिन पर करीब एक करोड़ 29 लाख रुपए बकाया राशि है।
उपभोक्ताओं पर 480 करोड़ बकाया
शहर वृत्त में बिजली कंपनी को उपभोक्ताओं से 480 करोड़ रुपए वसूलना है। सबसे ज्यादा बकाया ग्वालियर उत्तर और दक्षिण संभाग में है। बिजली कंपनी को यह राशि वसूला एक चुनौती के रूप में बन गया है। इसलिए कंपनी रोज नए-नए नियम ला रही है। एक से ज्यादा बकायादारों की संपत्ति कुर्की, बैंक खाते सीज करने और ट्रांसफार्मर को हटाने की कार्यवाही की जा रही है। बिजली कंपनी 31 मार्च तक बकाया को 50 फीसदी से कम करने की तैयारी में है।
इन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा बिजली चोरी
शहर के बाहरी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा बिजली चोरी हो रही है। आदित्यपुरम, महाराजपुरा, गोल पहाडि?ा, हुरावली, सिरोल, चार शहर का नाका, शर्मा फार्म हाउस, बिरलानगर, एबी रोड ट्रांसपोर्ट नगर के पीछे आदि क्षेत्रों में सबसे ज्यादा बिजली चोरी हो रही है। यहां बिजली कंपनी लगातार कार्यवाही कर रही है, लेकिन उसके बाद चोरी नहीं रुक रही है।
कार्रवाई जारी रहेगी
बिजली कंपनी ने पहली बार शहरी क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर इन क्षेत्रों से ट्रांसफार्मर को हटा दिया गया है। बकायादारों को भुगतान करना होगा तभी बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। ऐसे क्षेत्र जहां 90 फीसदी से ज्यादा बिजली चोरी और बकायादार हैं उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
नितिन मांगलिक, महाप्रबंधक, शहर वृत्त बिजली कंपनी
Published on:
16 Feb 2023, 7:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.