सवा दो करोड़ से सुधरेगी मंडियों की स्थिति

हनुमानगढ़। कृषि उपज मंडी समिति क्षेत्र में विकास की कवायद तेज कर दी गई है। फसल बेचने के...

2 min read
Jan 31, 2015

हनुमानगढ़। कृषि उपज मंडी समिति क्षेत्र में विकास की कवायद तेज कर दी गई है। फसल बेचने के लिए मंडी में आने वाले किसानों को किसी तरह की दिक्कत नहीं हो, इसके लिए सरकार ने मंडियों को जोड़ने वाली तथा मंडियों के अंदर सीसी सड़क निर्माण करवाने के लिए बजट आवंटित कर दिया है।

मंडी समिति की ओर से चिन्हित सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करवाने की तैयारी में अधिकारी जुट गए हैं। प्रथम चरण में सम्पर्क सड़कों का निर्माण करवाने के लिए दो करोड़ 11 लाख 65 हजार रूपए का बजट मंजूर हुआ है। मंडी समिति के अधिकारियों के अनुसार अगले माह के प्रथम पखवाड़े में निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके अलावा टाउन, जंक्शन, तलवाड़ा, टिब्बी सहित अन्य मंडियों के भीतर सड़कों का निर्माण करवाने के लिए करीब चार करोड़ का बजट पूर्व में स्वीकृत हो चुका है। इन मंडियों में सीसी सड़क निर्माण को लेकर वर्क आर्डर जारी हो चुके हैं।

इन सड़कों का निर्माण
जंक्शन मंडी को आसपास के गांवों को जोड़ने के लिए सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा। इसमें जंक्शन मंडी क्षेत्र में हिरणावाली से 20 एलएलडब्ल्यू तक की सड़क के लिए 79 लाख 35 हजार, चंदड़ा से बुद्धसिंहवाला तक की सड़क के लिए 34 लाख 50 हजार, सादुलब्रांच से गांव जोड़कियां तक के लिए 28 लाख 80 हजार तथा टाउन मंडी के पास दिनार सिनेमा से ब्लॉक नंबर दो व तीन सब मंडी यार्ड तक की सड़क के लिए 69 लाख तक की सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा।

टीन शेड से राहत
जंक्शन मंडी क्षेत्र में गत वर्ष तीन जगहों पर टीन शेड लगाने का काम पूर्ण हुआ था। लाखों की लागत से पूर्ण हुए इस कार्य से किसानों को राहत मिली है। किसान इस टीन शेड के नीचे फसल रखकर धूप व बारिश से बचाव कर सकते हैं।

अगले माह से निर्माण
मंडी समितियों को जोड़ने वाली सम्पर्क सड़कों का निर्माण करवाने के लिए हमने मुख्यालय प्रस्ताव भिजवाया था। सीसी सड़कों का निर्माण करवाने की मंजूरी मिल गई है। प्रशासनिक स्वीकृति जारी होने के बाद अगले माह निर्माण कार्य शुरू करवाएंगे।
एलआर खुराना, सचिव, कृषि उपज मंडी समिति हनुमानगढ़

Published on:
31 Jan 2015 09:55 pm
Also Read
View All

अगली खबर