हजारीबाग। गत दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। चतरा के हंटरगंज में बाढ़ आ गई है। पानी एनएच के ऊपर से बह रहा है। सड़क कई जगहों पर टूट गई है। कई पुल पानी में डूब गए हैं। दो लोगों के पानी में बह जाने की सूचना है। राजधानी रांची में भी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई इलाकों में पानी जमा होने के कारण लोग परेशान हैं।
बोकारो में तेनुघाट डैम और धनबाद में मैथन डैम में पानी भर गया है। इसके कारण दोनों डैम के सभी फाटक खोल दिए गए हैं। इससे दामोदर नदी में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। नदी किनारे रहनेवाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है। जमशेदपुर के निचले इलाकों में भी पानी भरने लगा है। कई मुहल्लों में तो घुटने तक पानी भर गया है।
सड़कें पानी में डूब गई हैं और कई इलाकों में पानी भर गया है। कई गांव जिला मुख्यालय से कट गए हैं। एक घर में 16 लोग फंसे हुए हैं। उन्हें सुरक्षित निकालने का प्रयास चल रहा है। लिलाजन और जोरी नदी पूरे उफान पर है। हंटरगंज में काली मंदिर के पास एक बच्चा पानी में बह गया है। उधर गढ़वा में दानरो नदी में बाढ़ आ गई है। नगर ऊंटारी का ऐतिहासिक बंशीधर मंदिर पानी में डूब गया है। बेलवा बांध पर पानी का अत्यधिक दबाव है। उसे बचाने के लिए ग्रामीण प्रयास कर रहे हैं। कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है।