बलवाड़ा. बलवाड़ा-कतरगांव मार्ग का कार्य चल रहा है। जिसके चलते रोड चौड़ीकरण भी किया जा रहा है। किंतु बगोद फाटे पर कुछ लोगों ने मकान और दुकानें बनाकर अतिक्रमण कर रखा है ।
जिसकी शिकायत होने पर बड़वाह तहसीलदार विवेक सोनकर द्वारा पटवारी देवेंद्र सालवे को भेजकर नपती कराई गई। अतिक्रमण को चिन्हित करने के बाद लाइन डाली गई। इस दायरे में लगभग 70 कच्चे-पक्के मकान और 10 दुकानें आ रही है। जिन्हें तोडऩे की कार्रवाई होना है। तहसीलदार ने सभी को 24 घंटे का समय दिया है। पटवारी द्वारा नप्ती कर बताया कि खसरा नंबर 389, 390, 391 तीन रकबे हैं। इसमें 389 एवं 391 शासकीय भूमि है। इस जमीन पर कुछ लोगों ने मकान और दुकानें बना रखी है। शौचालय बनाए गए हैं। अतिक्रमणकर्ताओं को 24 घंटे का समय दिया गया है। मौके पर थाना प्रभारी शंकर सिंह मुजाल्दे सहित स्टॉफ मौजूदा था। निजी भूमि के मालिक राजेन्द्र शर्मा ने भी अपनी जमीन पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने संबंधित आवेदन एसडीएम को दे रखा है।