
एक्सीडेंट कर भाग रही कार पकड़ी तो मिली 50 हजार रुपए की अवैध शराब
इंदौर। एरोड्रम थाना पुलिस ने एक्सीडेंट कर भाग रही बगैर नंबर की कार को बुधवार रात घेराबंदी कर पकड़ा है। कार की तलाशी में टीम को अवैध शराब मिली है। एएसपी मनीष खत्री के मुताबिक नावदा पंथ में एक्सीडेंट के बाद बगैर नंबर की टवेरा कार को उसका चालक स्पीड में भगाकर ले गया था। कंट्रोल रूम से इस संबंध में वायरलेस सेट पर सूचना प्रसारित की गई थी। रात में गश्त कर रहे थाने के आरक्षक विशाल और सुनील ने एयरपोर्ट रोड पर उक्त सफेद रंग की कार को देख उसका पीछा किया ।
पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया
सूचना पर थाने के एसआई विजेंद्र शर्मा टीम के साथ कार का पीछा करते हुए पंचशील नगर पहुंचे और उसे घेराबंदी कर रोका। पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम प्रीतेश उर्फ पिंटू करोसिया और दूसरे ने सोनू बाथम बताया। कार की तलाशी में टीम को 50 हजार कीमत की 10 पेटी अवैध शराब जब्त की है। वही आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया है।
Published on:
11 Jun 2020 09:26 am
