इसको लेकर एक बार फिर कांग्रेस में उठापटक का दौर शुरू हो गया है। गुना से लोकसभा चुनाव हारने वाले पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य संधिया चाहते हैं कि उनकी पसंद से अध्यक्ष की नियुक्ति हो। वे चाहते हैं कि परिवहन व राजस्व मंत्री गोविंद राजपूत अध्यक्ष बनें ताकि पूरे प्रदेश में एक बार फिर पकड़ मजबूत हो जाए। राजपूत पूर्व में युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं जिसकी वजह से उनकी पकड़ प्रदेश में है। इधर, नाथ की पहली पसंद गृहमंत्री बाला बच्चन हैं। कैबिनेट मंत्री होने के साथ बच्चन वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। मजेदार बात ये है कि दोनों ही नेता राष्ट्रीय सचिव भी हैं और अपने आकांओं के कहने पर वे मंत्री पद छोड़ सकते हैं। इनके अलावा प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदारों में मंत्री सज्जनसिंह वर्मा और जीतू पटवारी का नाम भी शामिल हैं। पटवारी भी वर्तमान में कार्यकारी अध्यक्ष हैं जिनके ताल्लुक सीधे राहुल गांधी हैं। हालांकि नाथ नहीं चाहेंगे कि उनकी नियुक्ति हो।