24 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Indore News : मतगणना में बैठने को लेकर बनने वाले पास के लिए भटक रहे कांग्रेसी

महापौर प्रत्याशी के लिए कागजी खानापूर्ति हो रही पार्टी कार्यालय गांधी भवन में

2 min read
Google source verification
Indore News : मतगणना में बैठने को लेकर बनने वाले पास के लिए भटक रहे कांग्रेसी

Indore News : मतगणना में बैठने को लेकर बनने वाले पास के लिए भटक रहे कांग्रेसी

इंदौर. नगर निगम चुनाव मतगणना 17 जुलाई को नेहरू स्टेडियम में होगी। मतगणना में बैठने को लेकर पास के लिए कांग्रेस नेता भटक रहे हैं। पार्षद का पहली बार चुनाव लडऩे वाले नेता जानकारी के अभाव में परेशान हो रहे हैं। महापौर प्रत्याशी के लिए मतगणना में बैठने वाले नेताओं के पास बनाने के लिए कागजी खानापूर्ति गांधी भवन में की जा रही है। इसके आज पूरा होते ही मतगणना अभिकर्ता के पास बनाने को कलेक्टोरट भेज दिए जाएंगे।

सबसे ज्यादा परेशानी पहली बार चुनावी मैदान में उतरे नेताओं को हो रही है, क्योंकि मतगणना के लिए स्टेडियम के अंदर बैठने को लेकर पास कैसे बनेंगे, कहां बनेंगे, पास बनवाने के लिए क्या-क्या लगेगा, कैसे फॉर्म भरा जाएगा, इस जानकारी के अभाव में इधर-उधर भटक रहे हैं। पार्टी कार्यालय से कोई मदद नहीं मिल रही। यहां पर सिर्फ महापौर प्रत्याशी के लिए मतगणना में बैठने वाले अभिकर्ताओं के पास बनाने को लेकर फॉर्म भर रहे हैं।

पार्षद प्रत्याशियों को खुद ही सारी व्यवस्था करने का बोल दिया गया है। गांधी भवन पर बैठने वाले कांग्रेसियों की मानें तो 85 वार्ड में से अभी तक 72 वार्ड के फॉर्म महापौर प्रत्याशी के मतगणना अभिकर्ता के रूप में बैठने वाले नेताओं ने भर दिए हैं। बाकी आज दोपहर तक पूरे कर लिए जाएंगे। इसके बाद शाम तक मतगणना अभिकर्ता के पास बनाने के लिए फॉर्म कलेक्टोरट भेज दिए जाएंगे। मालूम हो कि मतगणना के दिए स्टेडियम के अंदर पार्षद प्रत्याशी, चुनाव संचालक और मतगणना अभिकर्ता बैठेंगे। पार्षद प्रत्याशी और संचालक का पास पहले से बना है, अभिकर्ता का पास बनवाने के लिए कांग्रेस नेता गांधी भवन और कलेक्टोरेट के चक्कर काट रहे हैं।

कांग्रेस कार्यालय से पहली बार बन रहे महापौर के अभिकर्ता

हर चुनाव में मतगणना के दिन प्रत्याशी ही अपने हिसाब से अपने लोगों को अभिकर्ता बनाकर बैठाता था। कांग्रेस में पहली बार ऐसा हो रहा कि महापौर प्रत्याशी के मतगणना अभिकर्ता पार्टी कार्यालय गांधी भवन से बनाए जा रहे है। इसके लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं को फोन लगाया गया है। साथ ही पास बनवाने के लिए फॉर्म भरवाकर हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं।

एआरओ बनाने की मांग

कांग्रेस प्रवक्ता संजय बाकलीवाल ने मतगणना के दिए पार्टी की तरफ से विधानसभावार एआरओ यानी एरिया रिटर्निंग ऑब्जर्वर बनाने की मांग जिला निर्वाचन आयोग के समक्ष रखी है। बाकलीवाल का कहना है कि एआरओ न बनाने की जानकारी मिली है। इस पर जिला निर्वाचन के समक्ष मांग रखी है। एआरओ नहीं हुए तो मतगणना को लेकर आपत्ति दर्ज कराने के लिए अभिकर्ता को टेबल छोडक़र रिटर्निंग ऑफिसर के पास जाना पड़ेगा, ऐसे में मतगणना प्रभावित होगी। इसके अलावा खाने और नाश्ता लाने वाले नेताओं के पास बनाने को कहा गया है, जिन्हें पार्टी नियुक्त करेगी।