इंदौर

MP Election 2023: कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक सिक्के के दो पहलू, लूट-छलावा और धोखे की है सरकार: जेपी नड्डा

- कांग्रेस पर किया जमकर हमला: 15 माह की कमलनाथ सरकार को बताया भ्रष्टाचार का अड्डा

2 min read
Nov 08, 2023
मध्यप्रदेश चुनाव 2023

इंदौर। भ्रष्टाचार और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू है, जहां पर कांग्रेस होगी वहां भष्टाचार, अत्याचार, अनाचार, विनाशकारी नीति, लूट, छलावा और धोखा होगा। जहां पर भाजपा रहेगी वहां पर विकास, तरक्की, जनता की सेवक और कल्याणकारी नीति होगी, क्योंकि वह जनता की सरकार होगी, ये अंतर है हममें और उनमें। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार की देरशाम को रोड शो के दौरान राऊ में कहीं।

भाजपा के प्रत्याशी मधु वर्मा के समर्थन में नड्डा ने वोट मांगते हुए कहा, आप कहेंगे कि भाषण दे रहे हो, कैसे छलावा और लूट की सरकार है? मैं बताता हूं कि दिल्ली में पनडूब्बी घोटाला हुआ था या नहीं, हेलिकाप्टर घोटाला हुआ, जिसमें कमलनाथ का भांजा शामिल था। कोयला घोटाला, मनरेगा घोटाला, चावल घोटाला हुआ था या नहीं? इन्होंने घोटालों में ना आकाश छोड़ा, ना जमीन छोड़ी, ना पाताल छोड़ा ना जल छोड़ा। चारों लोक को इन्होंने नहीं छोड़ा।

कर्जा तो माफ किया नहीं, 11.97 लाख किसानों को डिफाल्टर कर दिया

कमलनाथ पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा, दस दिन में किसानों का कर्जा माफ करने का बोला था। कर्जा तो माफ किया नहीं पर 11.97 लाख किसानों को डिफाल्टर कर दिया। उनकी 15 माह की सरकार के बड़े कारनामे है। 41 सौ का सिंचाई घोटाला, 281 करोड़ का वेयरहाउस घोटाला, 877 करोड़ का सिंचाई परियोजना घोटाला किया। ये छोटा नहीं मोटा काम करते है। नाथ तो ठीक उनके भांजा व भतीजे भी काम पर लगे हुए थे। घोटाला, धोखा और छलावा वाक्य नाथ और कांग्रेस से जुड़ा हुआ है। ये किस्से तो मध्यप्रदेश के है दिल्ली की तो बात नहीं की। पिछली बार गलती से बटन दब गया था, लेकिन इस बार ध्यान रखना। उन्होंने युवाओं से कहा, आपने 2003 के पहले का दिग्विजयसिंह राज नहीं देखा। अंतर ठीक अमावस्या व पूर्ण मासी जैसा है।

मध्यप्रदेश पहले था बीमारू

नड्डा ने रोड शो के दौरान कई जगह कांग्रेस के शासन में मध्यप्रदेश की स्थिति को बताया। कहना था कि वे 1993 में विधायक बने तो 1997 में मंत्री बन गए थे। भारत का सूचकांक हमेशा नीचे रहता था जबकि हम बहुत मेहनत करते थे। इस पर जब मैंने पूछा कि क्या कारण है? तब मुझे अफसरों ने बताया कि मध्यप्रदेश, बिहार और उत्तर प्रदेश बिमारू राज्य है जिसके कारण सूचकांक नीचे रहता है। आज हम दुनिया की 5वीं अर्थ व्यवस्था है। जब से भाजपा आई है प्रदेश बीमार राज्य की श्रेणी से बाहर हो गया। केंद्र की सरकार में आने के बाद हमारी अर्थ व्यवस्था दुनिया की 5वीं अर्थ व्यवस्था हो गई है, ये अंतर है भाजपा और कांग्रेस के काम का।

Published on:
08 Nov 2023 08:43 am
Also Read
View All

अगली खबर