
पीडब्ल्यूडी अपने कार्यों का कराएगा थर्ड पार्टी ऑडिट: राकेश सिंह
इंदौर. निर्माण के कुछ समय बाद सड़क खराब होने से गुणवत्ता पर सवाल उठते हैं। इससे बचने के लिए पीडब्ल्यूडी अब अपनी सड़कों का थर्ड पार्टी ऑडिट कराकर गुणवत्ता की जांच कराएगा। आम जनता को राहत देने के लिए ऐप भी लाॅन्च होगी। आम जन इस पर गड्ढों का फोटो डाल सकेंगे, ताकि उन्हें समय पर भरा जा सके।
यह बात प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने कही। वे गुरुवार को सांवेर में 61 करोड़ की लागत से बनी 23 किमी की सड़क का लोकार्पण करने आए थे। रेसीडेंसी में मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि जहां बड़े काम होते हैं, वहां टेस्टिंग लैब होती है। फिर भी कई बार आपत्ति आती है, जिसे लेकर थर्ड पार्टी ऑडिट पर विचार किया जा रहा है। गुणवत्ता पर नकेल कस दी जाएगी तो भ्रष्टाचार की परिस्थिति ही नहीं बनेगी।
बस, गड्ढे का फोटो भेज दो
सिंह ने बताया कि हम पॉट ***** सिटीजन ऐप लाने जा रहे हैं। पीडब्ल्यूडी की सड़क पर गड्ढे हों तो लोग ऐप पर फोटो डाल दें। यह फोटो क्षेत्र के जिम्मेदार के पास पहुंच जाएगा। उसकी जिम्मेदारी होगी कि निश्चित समय में गड्ढा भरकर फिर से ऐप पर फोटो डाले, ताकि जनता को भी उसकी जानकारी मिल जाए। मानसून से पहले ये सिस्टम शुरू हो जाएगा।
कांग्रेसी चाहते है, राहुल बिजी रहें
राहुल गांधी की यात्रा पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उनके व कांग्रेस के पास काम क्या बचा है। यात्रा न निकालें तो टिकट व अन्य दलों से सामंजस्य को लेकर सवाल खड़े होंगे। कांग्रेस राहुल को बिजी कर देती है, ताकि पार्टी की परेशानी न बढ़े। न्याय यात्रा का मप्र व देश में कोई असर नहीं होने वाला है। जनता को आक्रोशित करने के लिए राहुल ही पर्याप्त हैं, क्योंकि वे देश विरोधी व तुष्टीकरण की बात करते हैं। सिंह ने कमलनाथ को लेकर कहा कि इस बार छिंदवाड़ा भी बचाना मुश्किल है।
Published on:
8 Mar 2024, 8:53 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.