
IPL 2021 का दूसरा चरण यूएई में खेला जा रहा है। सभी टीमें खिताब जीतने की पूरी कोशिश कर रही हैं। इस बीच कई खिलाड़ी रिकॉर्ड भी बना रहे हैं। विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के गेंदबाज हर्षल पटेल इस सीजन की शुरुआत से ही पर्पल कैप रेस की दौड़ में नंबर 1 पर बने हुए हैं। इस सीजन में हर्षल अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। बुधवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मैच में भी हर्षल ने बेतहरीन गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलते हुए हर्षल ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस मामले में उन्होंने युजवेन्द्र चहल, जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा जैसे गेंदबाजों को भी पीछे छोड़ दिया है।
तोड़ा चहल का रिकॉर्ड
हर्षल ने आईपीएल 2021 में अब तक 11 मैचों में कुल 26 विकेट लिए हैं। हर्षल ने युजवेन्द्र चहल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दरअसल चहल ने वर्ष 2015 में आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी बने थे। उस वक्त चहल ने तब 23 विकेट लिए थे। अब यह रिकॉर्ड हर्षल पटेल के नाम हो गया है। अब हर्षल एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले अनकैप्ड गेंदबाज बन गए हैं।
अब ड्वेन ब्रावो के रिकॉर्ड पर नजरें
आरसीबी के 30 वर्षीय गेंदबाज हर्षल पटेल ने हाल हील मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में हैट्रिक ली थी। अब हर्षल की निगाहें आईपीएल में एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने के ड्वेन ब्रावो के रिकॉर्ड पर होंगी। ब्रावो ने वर्ष 2013 में एक सीजन में 32 विकेट लिए थे। हर्षल ने इस सीजन में अब तक कुल 26 विकेट लिए हैं।
बुमराह और मलिंगा को भी पीछे छोड़ा
इसके साथ ही हर्षल पटेल ने जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा का भी एक रिकॉर्ड तोड़ दिया है। हर्षल ने जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा को सबसे तेज 25 आईपीएल चटकाने के मामले में पीछे छोड़ा। हर्षल ने महज 242 गेंद फेंकने के बाद आईपीएल के एक सीजन में 25 से ज्यादा विकेट चटकाए। ऐसा करने के मामले में वह बुमराह और मलिंगा से आगे निकल गए। मलिंगा ने 244 गेंद डालने के बाद यह कामयाबी हासिल की थी।
Published on:
30 Sept 2021 03:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
