
जबलपुर के गोराबाजार बिलहरी स्थित पिंक सिटी में आग
जबलपुर. जिले के गोराबाजार बिलहरी स्थित पिंक सिटी में आग से मासूम सहित 3 जिंदा जले। 70 वर्षीय महिला और मकान मालिक आदित्य सोनी को सुरक्षाकर्मियों ने बचाया। बीती रात करीब ढाई बजे की है घटना, शार्टसर्किट से आग लगने की आशंका।
गोराबाजार पुलिस के अनुसार डब्ल्यूसीएल में तैनात प्रोटोकॉल इंस्पेक्टर आदित्य सोनी का दो मंजिला फ्लैट पिंक सिटी गेट नंबर तीन में स्थित है। कालोनी के मध्य स्थित फ्लैट नंबर- 78 के भूतल में उनकी 70 साल की मां कैंसर पीड़िता अनुराधा सोनी किचन के सामने लगे बेडरूम में सो रही थी। वहीं आदित्य, उनकी पत्नी नेहा सोनी (32), भोपाल निवासी बहन रितु सोनी (37) भांजी परी उर्फ अन्विष्टा सोनी ( 7) पहली मंजिल पर सो रहे थे।
कॉलोनी के गार्ड ने देर रात ढाई बजे आदित्य सोनी के मकान में आग देख शोर मचाया। कॉलोनीवासियों के साथ वह पहुंचा तो 70 साल की अनुराधा सोनी चीख रही थी। सामने आग लगी थी, जो फैलकर पहली मंजिल तक पहुंच गई थी। बालकनी से आदित्य सोनी चीख रहे थे। लोगों ने मां-बेटे को किसी तरह निकाला, लेकिन नेहा, रितु और परी कमरे में ही फंस गईं। नेहा बचने के लिए बाथरूम में छुप गई थी, लेकिन धुआं और आग की गरमी ने जान ले ली। नेहा की लाश बाथरूम में मिली, जबकि रितु और परी की लाश बेड पर पड़ी थी।
आग कितनी भयानक थी इसका अंदाजा इसी से लग जाता है कि कमरों के प्लास्टर तक उखड़ गए है। इंवर्टर सहित टीवी, फ्रीज, घरेलू सामग्री, बिजली की लाइन सब कुछ राख हो गया है। आग भूतल से फैली। यह शार्ट-सर्किट ही था या कुछ और इसकी जांच की जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही सोनी परिवार के करीबी भी पहुंचे हैं।
कालोनी के लोगों ने रात 2.39 बजे फायर ब्रिगेड को सूचना दी। ड्राइवर अजय कुमार शर्मा दल के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। आग बुझने के बाद लोग अंदर पहुंचे तो तीनों की लाश मिली। सूचना पर गोराबाजार टीआई सहित केंट सीएसपी भावना मरावी, एएसपी गोपाल खांडेल, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा, विधायक केंट अशोक रोहाणी, नगर निगम कमिश्नर संदीप जीआर, नायब तहसीलदार नीरज कथरिया, एफएसएल डॉ. सुनीता तिवारी और फायर ब्रिगेड प्रभारी कुशाग्र ठाकुर पहुंचे थे।
घटना को देखते हुए मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। तीनों शवों को मेडिकल कॉलेज की मरचुरी भिजवा दिया गया है। वहीं 70 वर्षीय अनुराधा सोनी की तबीयत खराब होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आदित्य सोनी की एक बहन वर्षा सोनी आस्ट्रेलिया में रहती ह। बहन रितु और भांजी परी 10 दिन पहले ही भाई के घर आए थे। पत्नी, बहन व भांजी की मौत से आदित्य सोनी बदहवास से हो गए हैं। मां अनुराधा सोनी को अभी तीनों मौतों के बारे में नहीं बताया गया है।
Published on:
06 Aug 2021 11:09 am
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
