बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में देर रात हुआ हादसा, घायलों को बचाने में स्थानीय लोगों ने की मदद
जबलपुर. कटंगी थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात बेलखाड़ू के बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में एक तेज रफ्तार बस पलट गई। बाइक सवार भी बस की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बस में लगभग 50 यात्री सफर रहे थे। हादसे में सभी यात्री घायल हैं, इनमें से 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल एवं दमोह नाका स्थिति निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ओमसाईं ट्रेवल्स की बस जबलपुर से दमोह जा रही थी। रात लगभग 11:30 बजे बेलखाड़ू के पास पहुंची तभी अचानक बाइक सवार दो युवक बस के सामने आ गए। इन बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार बस पलट गई। हालांकि बाइक सवार भी बस की चपेट में आ गए। बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई है। मृतक युवकों में एक की पहचान अमझर खमरिया निवासी विनोद यादव के रूप में हुई है। दूसरे युवक की पहचान नहीं हो सकी है। गंभीर रूप से घायलों में अस्मिता उइके, आनंद व्यास, दिनेश जैन, श्यामा बाई, अंकित जैन, गनपत बंसोड़ सहित 11 लोग गंभीर रूप से घायल हैंं।
स्थानीय लोगों ने की पुलिस की मदद
हादसे के बाद कटंगी पुलिस तो मौके पर देर से पहुंची लेकिन शहर की पुलिस पहले पहुंच गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर घटनास्थल की ओर लोग दौड़े। बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने हादसे के शिकार लोगों की मदद की। पुलिस का भी सहयोग किया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अभी आशंका जताई जा रही है कि कोई यात्री बस के नीचे भी दबा हो सकता है।