महाराजा मार्केट में रविवार को एक अनियंत्रित ट्रोला मोटरसाइकिल सवार को चपेट में लेने के बाद 33 केवी विद्युत लाइन के टावर से टकरा गया। हादसे में बाइक सवार को मामूली चोटें आई। टक्कर से टावर क्षतिग्रस्त हो गया। स्पार्किंग होने से पूरी सड़क पर लगी करीब 20 से 22 एलईडी स्ट्रीट लाइटें भी जल गई। हादसे से विद्युत निगम को करीब 70 हजार तथा नगरपरिषद को तकरीबन एक लाख 80 हजार से अधिक की चपत लगी। निगम के कनिष्ठ अभियंता ने ट्रोला चालक के खिलाफ कोतवाली थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई।
रविवार दोपहर तहसील चौराहा से कलक्ट्रेट की ओर जा रहा ट्रोला लक्ष्मण मैदान के समीप अनियंत्रित हो गया। इस दौरान एक मोटरसाइकिल चालक को भी चपेट में ले लिया।
ट्रोला बेकाबू होकर सड़क किनारे विद्युत टावर से टकरा गया। इससे टावर क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं उसकी गार्डनिंग वायरिंग टूट कर नीचे आ गिरी। स्पार्किंग होने से तहसील चौराहा से पंचायत समिति कार्यालय तक लगी 20-22 एलईडी लाइटें भी जल गई। सूचना मिलते ही विद्युत निगम के सहायक अभियंता हर्षद पंचाल मौके पर पहुंचे। पंचाल ने बताया कि 132 केवी जीएसएस से रतनपुर पावर हाउस के लिए आ रही 33 केवी फीडर लाइन का टावर क्षतिग्रस्त हुआ है। इससे निगम को करीब 70 हजार का नुकसान हुआ। वैकल्पिक व्यवस्था कर लाइन शुरू कर दी है। उधर, नगरपरिषद की विद्युत शाखा कार्मिकों ने भी मौके पर पहुंच कर करीब पौने लाख रुपए के नुकसान का आंकलन किया। निगम के कनिष्ठ अभियंता किरण धंधोलिया ने कोतवाली थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिजली बंद रहेगी
सहायक अभियंता पंचाल ने बताया कि क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत को लेकर सोमवार सुबह 9 से दोपहर दो बजे तक भीतरी शहर, कलक्ट्रेट मार्ग आदि क्षेत्रों में बिजली आपूर्तिबाधित रहेगी।