
जबलपुर. सीएनजी से चलने वाली कार के मालिकों के लिए अच्छी खबर है। शहर के पेट्रोल पंपों में आगामी छह माह के भीतर सीएनजी मिलने की संभावना है। देश की तीनों पेट्रोलियम कंपनियों ने सीएनजी पंप के लिए जिले में सर्वे का काम पूरा कर लिया। शहर के कुछ पंपों में जरुरी उपकरण स्थापित हो गए हैं। अब सप्लायर की तरफ से सप्लाई शुरू करने का इंतजार है।
प्रदेश में अभी 21 शहरों में सीएनजी की सुविधा है। इसका फायदा यह होता है कि वाहन चालकों की पेट्रोल और डीजल के साथ एलपीजी पर निर्भरता कम होती है। यह तीनों ईंधन महंगे पड़ते हैं। इसका एक बड़ा विकल्प कंप्रेज्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) है। जबलपुर में कुछ समय पहले तीनों पेट्रोलियम कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में सीएनजी की उपलब्धता को लेकर योजना बनाई गई। शुरूआत में सभी ने अपने चिन्हित पेट्रोल पंपों में सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आगामी छह माह के भीतर यह सुविधा वाहन मालिकों को मिलना प्रारंभ हो जाएगी।
शुरूआत में कंटेनर से सप्लाई
शहर में शुरूआती दौर में सीएनजी की सप्लाई कंटेनर के माध्यम से होगी। क्योंकि अभी इसका कोई प्लांट नहीं है। इसकी तैयारी भी सप्लायर कंपनी कर रही है। उसकी तरफ से रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र से भूमि मांगी गई है। वहां एक मिनी प्लांट स्थापित करने की योजना है। इसके जरिए 20 से 25 पंपों को रोजाना सप्लाई के लिए क्षमता बनाई जाएगी। वहीं जरुरत के हिसाब से बड़ा प्लांट भी लगाया जाएगा ताकि सप्लाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आए।
गेल की पाइपलाइन में समय
नागपुर-छिंदवाड़ा-जबलपुर गैस पाइपलाइन के जरिए भी सीएनजी जबलपुर में लाने का काम चालू है। सितंबर माह तक लाइन का काम शहर में शुरू होन की संभावना है। इसके जरिए जबलपुर के अलावा महाकोशल के 14 जिलों का डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर भी बनेगा। कोसमघाट में इसके लिए जगह चिन्हित की गई है। गेल इंडिया इंडिया लिमिटेड की 317 किमी लंबी पाइपलाइन से सीएनजी, एलपीजी और पीएनजी गैस की सप्लाई होगी। जिले में 45 किमी लंबी गैस पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
इधर एलपीजी वाहनों की समस्या
जिले में एलपीजी से चलने वाहन कम नहीं है। इसका सबसे ज्यादा इस्तेमाल ऑटो रिक्शा में होता है। ऐसे 8 हजार ऑटो रिक्शा हैं जिनका ईंधन एलपीजी है। मगर समस्या यह है कि शहर में एलपीजी फिलिंग स्टेशन की संख्या बहुत कम है। सिर्फ तीन जगहों से इसकी सप्लाई होती है। इनमें दो विजय नगर और उखरी क्षेत्र में चलते हैं तो एक त्रिपुरी चौक के नजदीक चलताहै। ऐसे में उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ती है। ऑटो चालक नरेंद्र अहिरवार और धर्मेन्द्र यादव ने बताया कि फिलिंग स्टेशन कम हैं। वहीं ग्राहक ज्यादा। इनकी संख्या बढ़नी चाहिए। इसी प्रकार इनकी कीमत भी अलग-अलग है। एक पंप में 52 रुपए तो एक में यह 65 रुपए लीटर मिलती है। फिलिंंग स्टेशन नहीं होने से अवैध सेंटर को खुली छूट मिल जाती है।
फैक्ट फाइल
- शहर में अभी एलपीजी ही ग्रीन गैस के रूप में रहती है उपलब्ध।
- बांकी छोटे एवं बडे़ वाहन पेट्रोल और डीजल पर रहते हैं निर्भर।
- जिले में 3 लाख ली. पेट्रोल तो 4.50 लाख ली. डीजल की रोजाना खपत।
- एक से सवा लाख लीटर हर दिन एलपीजी की वाहनों में होती है खपत।
- जिले में 140 से अधिक पेट्रोल और डीजल के पंपों का संचालन।
- आठ हजार से ज्यादा ऑटो रिक्शा एलपीजी से चलते हैं।
- सभी प्रकार के ई वीकल की संख्या में भी सात से आठ हजार के बीच।
महज 10 चार्जिंग प्वाइंट शहर में
इधर इलेक्टि्रक वीकल चलाने वालों को भी चार्जिंग स्टेशन की समस्या होती है। जिले में ई बाइक, स्कूटर, कार और ई रिक्शा की संख्या 8 हजार है। इनके लिए चार्जिंग स्टेशन सिर्फ 10 हैं। इनमें तीन नगर निगम ने स्थापित किए हैं तो बांकी निजी क्षेत्र में चल रहे हैं। संख्या के लिहाज से देखा जाए तो एक हजार वाहनों पर एक चार्जिंग स्टेशन है। किसी पेट्रोल पंप में भी यह सुविधा नहीं मिल पा रही है। ऐसे में ज्यादातर लोगों को अपने घरों में वाहनों को चार्ज करना पड़ता है। ऐसे में बिजली कंपनियों को नुकसान होता है। क्योंकि ई- रिक्शा का कमर्शियल उपयोग होता है। जबकि चार्जिंग गैर व्यवसायिक बिजली से होती है।
प्रदेश के कई शहरों में सीएनजी की सप्लाई हो रही है। जबलपुर बड़ा शहर है। यह हमारी प्राथमिकता में हैं। तीनों पेट्रोलियम कपंनियों ने कुछ पेट्रोल पंपों पर इसके वितरण के लिए व्यवस्थाए कर रखी है। आगामी छह माह के भीतर इसकी सप्लाई शुरू हो जाएगी। हम पहले कंटेनर से गैस भेजेंगे। इसी प्रकार यहां पर मिनी प्लांट की योजना बनाई गई है.
नरेंद्र श्रीवास्तव, वाइस प्रेसीडेंट मेघा सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी
सीएनजी के आने से उपभोक्ताओं को एक विकल्प मिल सकेगा। प्रदेश के कई शहरों में यह सुविधा है। जबलपुर में भी कुछ पेट्रोल पंपों में इसकी उपलब्धता होनी है। इसके लिए काफी वर्कआउट हो चुका है।
अखिलेश मेहता, अध्यक्ष जबलपुर पेट्रोल डीजल डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन
Published on:
06 Jul 2023 12:33 pm
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
