जबलपुर

MP के इस शहर में स्पोर्ट्स सिटी का विरोध, जाने कौन लोग हैं विरोध में और क्यों कर रहे ऐसा…

-विरोधियों का आरोप, पर्यावरण को होगी क्षति-ट्विटर पर ट्रेंड करा रहे #SaveDumna-फेसबुक पेज भी बनाया

2 min read
Jun 03, 2021
स्पोर्ट्स सिटी का पर्यावरण प्रेमी कर रहे विरोध

जबलपुर. MP के इस शहर में स्पोर्ट्स सिटी का सोशल मीडिया पर कड़ा विरोध शुरू हो गया है। इसमें पर्यावरण प्रेमी जुट गए हैं। उनका कहना है कि इस स्पोर्ट्स सिटी के निर्माण के दौरान पेड़ काटे जाएंगे जिससे पर्यावरण को क्षति पहुंचेगी।

बता दें कि शहर में सबसे लंबे फ्लाईओवर और सबसे लंबी रिंगरोड के बाद अब प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स सिटी की सौगात मिलने जा रही है। केंद्र सरकार के सहयोग से जबलपुर के डुमना के पास 40 एकड़ जमीन पर स्पोर्ट्स सिटी बनाने की योजना को मंजूरी मिल गई है। बताया जा रहा है कि करीब 50 करोड़ रुपए की लागत से स्पोर्ट्स सिटी बनाई जाएगी। इस स्पोर्ट्स सिटी में क्रिकेट और हॉकी के स्टेडियम के अलावा अन्य कई खेल गतिविधियां होंगी। इतना ही नहीं स्पोर्ट्स ऐकेडमी की भी सुविधा मिलेगी। यह जानकारी खुद जबलपुर के सांसद राकेश सिंह ने दी। बताया कि ये जबलपुर के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।

लेकिन जैसे ही सांसद ने स्पोर्ट्स सिटी के निर्माण की बात कही, डुमना इलाके में इसका विरोध शुरू हो गया। सोशल मीडिया के प्रमुख पार्ट ट्विटर पर 'सेव डुमना' (#SaveDumna) ट्रेंड कराया जा रहा है। इसके अलावा फेसबुक पर भी पेज बनाया गया है। इस पेज पर भी हजारों लोगों ने ये कहते हुए स्पोर्ट्स सिटी का विरोध शुरु कर दिया है कि उन्हें पर्यावरण को खतरे में डालने की शर्त पर विकास मंजूर नहीं है। शहर के पर्यावरण प्रेमियों का आरोप है कि इससे डुमना नेचर पार्क की बायो डायवर्सिटी प्रभावित होगी और बड़ी संख्या में पेड़ काटे जाएंगे.विकास के नाम पर पर्यावरण खतरे में पड़ जाएगा।

इस बीच जबलपुर के सांसद राकेश सिंह ने दावा किया है कि कुछ लोग बिना समझे इस स्पोर्ट्स सिटी का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि स्पोर्ट्स सिटी के चलते एक भी पेड़ कटने की नौबत नहीं आएगी। सांसद सिंह ने कहा है कि स्पोर्ट्स सिटी को डुमना नेचर पार्क में बनाने का भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि डुमना नेचर पार्क से दूर गधेरी इलाके में 40 एकड़ जमीन में स्पोर्ट्स सिटी प्रस्तावित है। उन्होंने विरोध कर रहे लोगों पर हमला बोलते उन्हें 'विरोधी गैंग' का नाम दे दिया है। सांसद ने कहा कि वो जब भी शहर के लिए कोई बड़ी सौगात लाते हैं तब ये तथाकथित गैंग विरोध शुरू कर देती है। अब इन्होंने स्पोर्ट्स सिटी की खिलाफत में सेव डुमना कैंपेन शुरू कर दिया है।

सांसद राकेश सिंह का दावा है कि स्पोर्ट्स सिटी का निर्माण पर्यावरणीय नियमों के तहत बिना कोई पेड़ काटे किया जाएगा। इसके बनने से जबलपुर ही नहीं पूरे महाकौशल अंचल को खेल जगत में नई पहचान मिलेगी। जबलपुर एयरपोर्ट के पास डुमना नेचर पार्क भी उनकी ही कोशिशों से तैयार किया गया था और वो इस उपलब्धि पर गर्व करते हुए शहर को स्पोर्ट्स सिटी की सौगात दिलाने के लिए संकल्पित हैं।

Published on:
03 Jun 2021 02:07 pm
Also Read
View All

अगली खबर