
dies in sterilization operation
जबलपुर. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन में सोमवार को नसबंदी ऑपरेशन के बाद 33 वर्षीय पूर्व पार्षद की हालत बिगड़ गई। उन्हें गम्भीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। यहां दो घंटे के बाद मौत हो गई। मामले में परिजन ने ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाया है।
डाक्टर्स बोले- दिल के दौरे की आशंका, परिजन लापरवाही का लगा रहे आरोप
उल्लेखनीय है कि पाटन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को परिवार नियोजन शिविर लगाया गया था। इसमें 28 महिलाओं को लाया गया था। ऑपरेशन के लिए जबलपुर के रानी दुर्गावती अस्पताल की सेवानिवृत सर्जन डॉ. शोभा चौपड़ा गई थीं। पाटन के गुरु मोहल्ला वार्ड-10 निवासी पूर्व पार्षद पिंकी चौधरी को निश्चेतना देने के बाद ऑपरेशन शुरू हुआ तो हालत बिगडऩे लगी। डॉक्टर्स का कहना था कि पिंकी को कार्डियक अरेस्ट आया था। इस कारण ऑपरेशन रोक कर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती किया गया। दोपहर बाद उनकी मौत हो गई।
एक्सपर्ट ने दिया था फिटनेस
पिंकी को सबसे पहले ऑपरेशन के लिए ले जाया गया लेकिन ऑपरेशन थिएटर से लौटा दिया गया। उनका सबसे आखिर में ऑपरेशन करने का निर्णय किया। डॉक्टर्स का दावा है कि ऑपरेशन के लिए मेडिकल एक्सपर्ट ने फिटनेस दिया था।
परिजन बोले-लापरवाही से गई जान
पति राजेंद्र चढ़ार ने बताया कि पिंकी को सुबह 10 बजे से अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका आरोप है कि ऑपरेशन के पहले आवश्यक जांच नहीं की गई। सुबह से बिना कुछ खिलाए भर्ती रखा गया। ऑपरेशन के दौरान उसकी हालत बिगड़ी तो इलाज नहीं दिया। आनन-फानन में रैफर कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
ऑपरेशन के पहले मेडिकल जांच की गई थी। वह ऑपरेशन के लिए पूरी तरह फिट थीं। सम्भवत: दिल का दौरा पड़ा, उसके बाद मेडिकल भेजा गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इससे उनकी मौत का कारण स्पष्ट होगा।
- डॉ. संजय मिश्रा, सीएमएचओ
Published on:
09 Jan 2024 11:39 am
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
