
nada officials says target of_50 dope test at ipl 13
जबलपुर। शहपुरा की पूर्व जनपद अध्यक्ष का बेटा आइपीएल सट्टे में बड़ी रकम हार गया था। सट्टेेबाज रकम नहीं चुकाने पर उसे अंजाम भुगतान की धमकी दे रहे थे। तनाव में आकर उसने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। यह खुलासा आत्महत्या के प्रकरण की जांच कर रही बेलखेड़ा पुलिस की छानबीन में हुआ है। मामले में गांव में आइपीएल सट्टा खिलाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। कूड़ाकला पंचायत के बरपटी गांव निवासी बलराम पटेल एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष राधा बाई पटेल के 18 साल के बेटे अंशुल ने 31 अक्टूबर को आत्महत्या की थी।
जेवर लेने के बाद मांग रहे थे एक लाख रुपए
पुलिस को मृतक के पिता ने जानकारी दी कि आइपीएल सट्टा खिलाने वाले गांव के दोनों युवक उनके बेटे से उधार की रकम वसूलने के लिए कई दिन से दबाव बना रहे थे। उधारी की रकम के बदले सोने का जेवर ले चुके थे। उसके बाद भी एक लाख और मांग रहे थे। इसे लेकर बेटा परेशान था।
घर आकर रुपए मांगे, नहीं देने पर धमकाकर गए थे
पुलिस ने परिजन एवं मृतक के साथियों से पूछताछ की। पता चला कि गांव के चंदू उर्फ चंद्रभान एवं जयपाल पटेल आइपीएल का सट्टा खेलते-खिलाते थे। इनके साथ अंशुल सट्टे में बड़ी रकम हार गया था। उस पर काफी उधारी थी। उधार के रुपए के लिए चंदू और जयपाल, अंशुल पर लगातार दबाव बना रहे थे। पुलिस के अनुसार लॉकडाउन के कारण अंशुल स्कूल नहीं जा रहा था। 31 अक्टूबर को सुबह उसने पिता के साथ घर के कामकाज में हाथ बंटाया। सुबह नौ बजे के करीब चंदू और जयपाल ने घर आकर उसे डरा-धमका कर रुपए मांगे। शाम तक रकम नहीं मिलने पर घर से उठवा लेने की धमकी दी। अंशुल मकान के ऊपरी भाग में बने कमरे में गया और फंदा लगाकर झूल गया। पुलिस ने आरोपी बरपटी गांव निवासी 32 वर्षीय चंदू उर्फ चंद्रभान और 30 वर्षीय जयपाल पटेल पर प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
Published on:
10 Nov 2020 03:28 pm

बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
