
Mahashivratri
जबलपुर. महाशिवरात्रि पर्व पर शनिवार को संस्कारधानी शिवजी के रंग में रंगी नजर आई। शिवालयों की छटा देखते ही बन रही थी। रुद्राभिषेक के साथ भोलेनाथ का पूजन करने के लिए शिवभक्तों में होड़ सी लगी रही। जगह-जगह शिवजी की बारात निकाली गई। हर सडक़, गली में भंडारे आयोजित किए गए। कचनार सिटी और गुप्तेश्वर मंदिर में लाखों लोग दर्शन, पूजन के लिए पहुंचे। कुछ क्षेत्रों में भीड़ के चलते जाम भी लगा। शाम होते ही लोग शिव बारात व जगह जगह रखी गई शिवजी की झांकियां देखने के लिए उमड़ पड़े।
साकेतधाम महादेव में हुआ रुद्राभिषेक
ग्वारीघाट स्थित साकेतधाम में भगवान रामेश्वरम महादेव का अभिषेक स्वामी गिरीशानंद सरस्वती के सान्निध्य में किया गया। 108 पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक 108 परिवारों ने किया। शाम 7 बजे शिव बरात निकाली गई।
नरोत्तम मिश्रा ने किया पूजन
समन्वय सेवा केंद्र में अमृतेश्वर महादेव का पूजन और रुद्राभिषेक हुआ। स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि के सान्निध्य में नगर प्रवास पर आए गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पूजन किया। श्री गैबीनाथ मंदिर पुरवा में भक्तों व समिति के सदस्यों ने रुद्राभिषेक किया। डॉ. बीपी अवस्थी ने बताया बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।
केदारेश्वर महादेव का हुआ महाभिषेक
मेडिकल कॉलेज के समीप बद्रीनारायण शिखर स्थित प्राचीन श्री केदारेश्वर गुफा में भक्तों ने केदारेश्वर महादेव का पूजन, महाभिषेक किया। प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुधीर रंजन दुबे, महामंत्री डॉ. एचपी तिवारी, कोषाध्यक्ष अजय तिवारी, विवेक रंजन दुबे, मुकेश खंपरिया, डीके श्रीवास्तव, डॉ. बीएल गौतम, मीना दुबे, संगीता दुबे व दीपा दुबे ने पूजन किया।
ध्यान, ज्ञान-पूजा
दि आर्ट ऑफ लिविंग ने उत्साह से शिवरात्रि मनाई। सुबह 6.30 बजे सभी साधकों ने योग, प्राणायाम, ध्यान एवं सुदर्शन क्रिया की। रुद्र पूजा हुई। योग प्रशिक्षक प्रभा खंडेलवाल ने आभार प्रकट किया।
अधारताल में बारात
सार्वजनिक नव शक्ति खेरमाई मंदिर विकास समिति नेताजी कॉलोनी सुभाष वार्ड अधारताल द्वारा भगवान शिव की बारात निकाली गई। बारात खेरमाई मंदिर परिसर से आरंभ हुई।
प्रसाद वितरण
लोधी समाज ने बाबाटोला फकीर चंद्र अखाड़े के पास सिद्धबाबा रोड स्थित प्राचीन श्री लोधेश्वर महादेव मां खेरमाई शक्ति मठ में भगवान लोधेश्वर महादेव का अभिषेक पूजन किया गया।
कुशावर्तेश्वर महादेव
जिलहरीघाट श्रीकुशावर्तेश्वरमहादेव के पंचमुखी विग्रह का प्रात: से आठ पहर अभिषेक पूजन हुआ। जिलहरी घाट से भगवान महादेव की शाही सवारी निकली। स्वामी श्यामदास नागा, आशीष कालवे व आषाढी कार्तिकी वारी महामंडल, महाराष्ट्र ब्रम्हवृंद समाज के श्रद्धालु मौजूद थे।
चौंसठ योगिनी मंदिर
भेड़ाघाट में चौंसठ योगिनी के प्राचीन मंदिर में सारा दिन दर्शन पूजन के लिए लोगों का तांता लगा रहा।
कचनार सिटी में पहुंचे 2.5 लाख लोग, गुप्तेश्वर में कतार
विजय नगर में 76 फीट ऊंचे भगवान शंकर की प्रतिमा है। पुजारी सुरेंद्र दुबे ने दावा किया कि कम से कम 2.5 लाख से अधिक भक्तों ने दर्शन, अभिषेक किया। वहीं गुप्तेश्वर मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान हुए। गुफा में भगवान का विशेष अभिषेक किया गया। बाहर तक भक्तों की कतार देखी गई। 56 भोग लगाए गए। रात 12 बजे महाआरती हुई। देर रात 1.30 बजे भोलेनाथ-पार्वती का विवाह अभिषेक हुआ। 19 फरवरी को यहां सुहागलें होंगी।
Published on:
19 Feb 2023 03:02 pm
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
