जबलपुर

जबलपुर में गरजे कमलनाथ : चुनाव नजदीक आते ही डबल स्पीड से चलने लगी झूठ की मशीन- देखें वीडियो

जबलपुर में गरजे कमलनाथ : चुनाव नजदीक आते ही डबल स्पीड से चलने लगी झूठ की मशीन- देखें वीडियो  

2 min read
Sep 22, 2023
Kamal Nath

जबलपुर. जिले के पाटन विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की जनआक्रोश सभा में प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कमलनाथ ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा और शिवराज की झूठ की मशीन डबल स्पीड से चलने लगी है। एक तरफ शिवराज सिंह चौहान की नौटंकी है और दूसरी तरफ हमारी गारंटी। जनता विदाई का फैसला कर चुकी है। सुरजेवाला ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। बाद में न्यूनतम समर्थन मूल्य(एमएसपी) पर किसानों की उपज की खरीदी की व्यवस्था तक नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में तो एमएसपी के पैसे से खरीद फरोख्त कर सरकार बना ली गई।

एमएसपी के पैसे से भाजपा ने कांग्रेस की सरकार गिराई: सुरजेवाला

घोटालों का प्रदेश
पाटन के कृषि उपज मंडी मैदान में आयोजित सभा में कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार की घोषणाएं ऐसे हो रही है जैसे अगले पांच साल तक येे ही रहने वाले हैं। इनकी बड़े प्यार से विदाई करने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश घोटालों का प्रदेश बन गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि व्यवस्था और अर्थ व्यवस्था, कानून व्यवस्था चौपट है। भाजपा ने पंचायत से लेकर विधानसभा तक भ्रष्टाचार की व्यवस्था बनाई है।

कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा ने शिवराज सिंह चौहान को मुख्यमंत्री का चेहरा तक घोषित नहीं किया है। भाजपा के नेताओं तक को उनका चेहरा पसंद नहीं है। कमलनाथ ने पाटन में मटर प्रोसेसिंग यूनिट स्थापना की मांग पर कहा कि सरकार बनने पर यूनिट स्थापित होगी। उन्होंने जनता से कहा कि यदि यूनिट नहीं लगे तो यहां के नेताओं के कपड़े फाडऩा।

नेताओं अफसरों की ट्रांसफार्मर की फैक्ट्रियां
कमलनाथ ने कहा कि भ्रष्टाचार का आलम यह है कि बिजली के ट्रांसफार्मर छह महीने भी नहीं चलते। यह घटिया बनाए ही जाते हैं ताकि कारोबार चलता रहे। क्योंकि ट्रांसफार्मर फैक्ट्रियां या तो तो भाजपा नेताओं की हैं, या फिर बिजली बोर्ड के रिटायर अफसरों के हैं। कमलनाथ ने कहा, अपना प्रदेश आज चौपट बन गया है। यहां स्कूल की छत और पेपर भी लीक कर जाते हैं। हमने निवेश की शुरुआत की, लेकिन किसी को मध्यप्रदेश पर विश्वास नहीं। यहां की पहचान भ्रष्टाचार से है। प्रदेश का हर व्यक्ति या तो भ्रष्टाचार का गवाह है या फिर इसका शिकार है।

आदिगुरु शंकराचार्य से सीखे भाजपा

ओंकारेश्वर में आदिगुरु शंकराचार्य की प्रतिमा के अनावरण को लेकर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुरजेवाला ने कहा कि ये सभी की इच्छा है। लेकिन, भाजपा को उनके जीवन का कुछ हिस्सा आत्मसात करने की जरूरत है। आदि शंकराचार्य उस नौजवान का नाम है, जो सडक़ों पर भटक रहा है। आदिवासी, दलित, पिछड़ों का नाम आदि शंकराचार्य है। भाजपा इन्हीं आदि शंकराचार्य का अपमान कर रही है।

सत्ता परिवर्तन का लिया संकल्प
सभा को कांग्रेस विधायक संजय यादव, तरुण भनोत, लखन घनघोरिया, पूर्व विधायक नीलेश अवस्थी, जिला ग्रामीण अध्यक्ष डॉ. नीलेश जैन ने भी सम्बोधित किया। इस मौके पर शहर अध्यक्ष व महापौर डॉ. जगत बहादुर सिंह अन्नू, विक्रम सिंह, दुर्गेश पटेल, रिंकू तिवारी, रत्नेश अवस्थी, राजेश तिवारी, राजेश पटेल सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। अंत में सभी नेताओं ने सत्ता परिवर्तन का संकल्प लिया।

Published on:
22 Sept 2023 11:30 am
Also Read
View All

अगली खबर