स्टेशन में तेज रफ़्तार कार ने किया आरक्षक को घायल, भीड़ ने चालक को जंजीर से बांधकर पीटा
जबलपुर. रेलवे प्लेटफॉर्म छह के पास तेज रफ्तार कार के चालक ने शुक्रवार रात आरपीएफ आरक्षक को टक्कर मार दी। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने चालक की पिटाई कर जंजीर से बांध दिया। सिविल लाइंस पुलिस ने चालक को मुक्त कराया। उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। उससे मारपीट करने और चेन से बांधने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।
ड्यूटी पर था आरक्षक
अपर लाइन सिविल लाइंस निवासी हरिकेश दुबे आरपीएफ में आरक्षक हैं। शुक्रवार रात आठ बजे से शनिवार सुबह आठ बजे तक उनकी प्लेटफॉर्म छह के बाहर यातायात व्यवस्था में ड्यूटी थी। रात सवा 11 बजे वे हिरण गोल के पास खड़े थे। तभी तेज रफ्तार कार एमपी 20 सीके 6847 के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद कार पेड से टकरा गई।हरिकेश गम्भीर रूप से घायल हो गए। कार भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची, तो कार चालक जंजीर में बंधा था। पुलिस ने उसे थाने ले गई।
कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। उसे जंजीर से बांधे जाने या मारपीट किए जाने की जानकारी नहीं है।
- धीरज राज, थाना प्रभारी, सिविल लाइंस