बेलखेड़ा का पावला गांव बना राजनीतिक रंजिश का शिकाररेतघाट पर मारपीट, तोडफ़ोड़ पर गोलू सिंह व अन्य पर बलवा का केस दर्ज, बरगी पुलिस की कार्रवाई
जबलपुर. बरगी विधानसभा के बदले चुनाव परिणाम ने यहां होने वाले रेत के खनन की तस्वीर भी बदल दी है। कल तक क्षेत्र में रेत खनन में इकतरफा दबदबा रखने वालों को अब मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कहते हैं कि रेत को आज तक कोई भी मुट्ठी में नहीं पकड़ पाया है। रेत की फितरत ही होती है फिसलने की। इसी तरह रेत के धंधे में भी कोई स्थायी रूप से टिका नहीं रह सकता है। निजाब बदला तो अब ठेकेदारों के चेहरे भी बदल गए। इस बदले हालात को अपने पक्ष में करने के लिए हर गुट वर्चस्व साबित करने में जुटा है। इसे लेकर क्षेत्र में बंदूकें गरज रही हैं। लोगों को धमकाया जा रहा है। बेलखेड़ा का पावला रेत घाट और वहां के वाशिंदे इस बर्चस्व की जंग में दो-तरफा पिसने को मजबूर हैं।
पूर्व विधायक प्रतिभा सिंह के बेटे गोलू सिंह और समर्थकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
पावला रेतघाट पर गुरुवार को मारपीट, तोडफ़ोड़ और फायरिंग के मामले में बेलखेड़ा पुलिस ने बरगी की पूर्व विधायक प्रतिभा सिंह के बेटे गोलू सिंह और उसके समर्थकों के खिलाफ बलवा का प्रकरण दर्ज किया है। गांव के एक ग्रामीण ने भी घर पर फायरिंग करने की शिकायत दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि उसने रेतघाट से वाहनों को आने-जाने के लिए अपने खेत से रास्ता दिया है। इससे कुछ लोग नाराज हैं।
डेढ़ बजे गोलू सिंह 30-40 लडक़ों के साथ 20 वाहनों से पहुंचा
पुलिस के अनुसार, पड़रिया निवासी विपिन उपाध्याय ने शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई, वह महादेव ट्रेडर्स अंधमूक बाइपास में रहता है। सुरेश इन्फ्रास्ट्रक्चर कम्पनी के मालिक तिलहरी निवासी राकेश यादव, गढ़ा के दीपक और शहपुरा निवासी दीपक सिंह ने नर्मदा नदी के पावला में रेत का ठेका लिया है। वह रेतनाका पर काम करता है। गुरुवार रात वह साथी दीपचंद के साथ नाके पर था, तभी डेढ़ बजे गोलू सिंह 30-40 लडक़ों के साथ 20 वाहनों से पहुंचा। उन्होंने उससे मारपीट की।
रेतनाका का टपरा और तखत पलटा दिया
रेतनाका के लिए बनाया गया टपरा और तखत आदि पलटा दिया। इस बीच दीपचंद भाग गया। गोलू सिंह साथियों के साथ गाडिय़ों से घाट की ओर गया। वहां प्रवेश पटेल के घर पर खड़ी जेसीबी, हाइवा और एक डम्पर में तोडफ़ोड़ की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में गोलू सिंह सहित अन्य के खिलाफ बलवा, तोडफ़ोड़ का प्रकरण दर्ज किया है।
रात में की फायरिंग
पावला गांव के सुशील पटेल ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करर्इा है। सुशील ने पुलिस को बताया, पंचायत भवन में उसके परिवार की ओर से भागवत का आयोजन किया गया था। गुरुवार रात आरती हो रही थी, तभी वहां से चार पहिया वाहन निकले। उनके पीछे एक बाइक भी थी। बाइक गांव का ही एक लडक़ा चला रहा था। उसके पीछे राजेंद्र सिंह बैठा था। राजेंद्र सिंह उसे देखकर रुक गया। अपने खेत से रेत से भरे हाइवा निकलने के लिए रास्ता देने की बात कहते हुए फायरिंग की। गोली उसके घर की दीवार में लगी।