
नगर निगम चुनाव परिणाम
जबलपुर। नगर निगम चुनाव के 17 जुलाई को आने वाले परिणामों को लेकर निर्वाचन कार्यालय ने व्यवस्थाओं को अंतिम स्वरूप देना शुरू कर दिया है। राजनीतिक दल भी इस काम में तैनात किए जाने वाले कार्यकर्ताओं के नाम तय कर रहे हैं। इनकी बड़ी संख्या मतगणना केंद्र पर होगी। एक दल 80 अभिकर्ता पार्षद पद की मतगणना और इतने ही अभिकर्ता महापौर पद की गणना के लिए तय हैं।
प्रशासन ने की प्रशिक्षण की पहल
राजनीतिक दल अपने अनुभवी कार्यकर्ताओं को इस काम में लगाएंगे। भाजपा और कांग्रेस की तरह अन्य राजनीतिक दलों ने इसकी तैयारी कर रखी है। ऐसे में मतगणना स्थल पर इनकी संख्या काफी होगी। एक दल के तकरीबन 160 अभिकर्ता इस काम में शामिल होंगे। वे हर वार्ड और हर बूथ की गणना पर नजर रखेंगे। इसके लिए इस दल को गणना से संबंधित तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नगर निगम चुनाव में सभी 79 वार्डों की ईवीएम से प्राप्त मतों की गिनती होगी। इसके लिए एमएलबी स्कूल में इंतजाम किए जा रहे हैं। लगभग 18 कमरों में मतगणना होगी। फेंसिंग के अंदर निर्वाचन कार्यालय के मतदान दलों में शामिल कर्मचारी होंगे तो बाहर राजनीतिक दलों के अभिकर्ता भी इस प्रक्रिया में शामिल रहेंगे। एक कमरे में पांच वार्डों की गणना होगी। इसलिए उसमें पांच टेबल भी रहेंगी।
मतगणना प्रक्रिया के सुचारू संचालन की दृष्टि से प्रत्याशी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता एवं मतगणना अभिकर्ताओं के लिए 15 जुलाई को दोपहर तीन बजे से मानस भवन राइट टाउन में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ इलैयाराजा टी ने बताया कि सभी प्रत्याशी एवं उनके मतगणना अभिकर्ताओं इस प्रशिक्षण में शामिल हो सकते हैं।
‘सुरक्षा में कोताही’
मप्र तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने विज्ञप्ति में बताया कि चुनाव कार्य में लगे फ्लाईंग स्काट को सुरक्षा व्यवस्था व वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया है। संघ के योगेन्द्र दुबे, अटल उपाध्याय , रामजी पाठक, विनय नामदेव आदि ने सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
14 जुलाई तक दे सकेंगे नाम
राजनीतिक दलों को अपने मतगणना अभिकर्ताओं की नियुक्ति की सूची निर्वाचन कार्यालय को मतगणना से तीन दिन पहले देनी होती है। बताया जाता है कि प्रत्याशी प्रारूप 13 में मतगणना अभिकर्ताओं की सूची 14 जुलाई की शाम 5 बजे तक दे सकता है।
Published on:
13 Jul 2022 10:29 am

बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
