2023 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों एक्टिव मोड पर नजर आ रही है। मगर आम आदमी पार्टी भी इस तैयारी में दोनों बड़ी पार्टियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है। पार्टी ने चुनावी तैयारियों का पूरा रोडमैप तैयार कर लिया है, ताकि तीसरे विकल्प के रूप में राजस्थान में पार्टी को स्थापित किया जा सके। पार्टी ने 10 से 25 मई तक प्रदेशभर की सभी 200 विधानसभा सीटों पर सियासी नब्ज टटोलने का प्लान बनाया है। इस प्लान के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी बैठकें करेंगी। यह बैठक एक या दो नहीं बल्कि हर विधानसभा क्षेत्र में चार बैठकें होंगी। इन बैठकों में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ गहन मंत्रणा कर विधानसभा के अनुसार चुनाव का प्लान तैयार किया जाएगा।
फीडबैक के बाद ही बनेगा प्रदेशाध्यक्ष
पार्टी ने फिलहाल प्रदेश कार्यकारिणी सहित सभी अग्रिम संगठनों को भंग कर दिया है। पार्टी का फिलहाल पूरा फोकस 2023 के विधानसभा चुनाव पर है। ऐसे में पार्टी को प्रदेशाध्यक्ष के लिए इंतजार करना पड़ेगा। चुनाव प्रभारी विनय मिश्रा साफ कह चुके हैं कि योग्य, ईमानदार और स्वच्छ छवि के नेता को ही प्रदेशाध्यक्ष बनाया जाएगा। फिलहाल कई नेताओं की नजर इस पद पर लगी हुई है।
पंजाब में जीत के बाद राजस्थान पर फोकस
पार्टी ने पंजाब में जीत के बाद राजस्थान पर ही पूरा फोकस किया है। संवाद यात्रा में जनता से जो फीडबैक मिला, उसे लेकर पार्टी उत्साहित है। पंजाब की जीत के बाद राजस्थान भाजपा और कांग्रेस के कई नेता भी आप में आने को आतुर है। हालांकि पार्टी ने साफ कर दिया है कि दूसरी पार्टियों का कचरा नहीं लेंगे।